गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व पर निकाला नगर कीर्तन,मुजफ्फरनगर में हर्षोल्लास से निकली यात्रा
मुजफ्फरनगर। गांधी कॉलोनी स्थित गुरुद्वारे में श्री गुरु सिंह सभा के तत्वाधान में धन-धन श्री गुरु नानक देव जी महाराज का प्रकाश पर्व बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर में शोभा यात्रा भी निकाली गई, जिसमें शहर भर की संगत ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
नगर कीर्तन का आरंभ रॉयल बुलेटिन के संपादक अनिल रॉयल और नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान सरदार सतपाल सिंह मान ने बताया कि नगर कीर्तन पूरे शहर में घूमेगा और इसका समापन रोडवेज बस स्टैंड स्थित गुरुद्वारे पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर आसपास के जिलों से भी संगत बड़ी संख्या में पहुंची है।
गुरु सिंह सभा के सेक्रेटरी अजित सिंह ने बताया कि दो जहांन के वाले धन-धन श्री गुरु नानक देव जी महाराज के पावन जन्म दिवस की खुशी में यह विशाल नगर कीर्तन आयोजित किया गया है। सभा के सभी सदस्य और पदाधिकारी इस आयोजन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम में श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष सरदार सतपाल सिंह मान, सेक्रेटरी अजित सिंह, सुखदर्शन सिंह बेदी, धनप्रीत सिंह बेदी, हरप्रीत सिंह चन्नी, अमरजीत सिंह सिडाना, जसप्रीत सिंह चावला, वजीर सिंह राजा, इकबाल सिंह नारंग, सतनाम हंसपाल, गुरविंदर सिंह कोहली और गुरु मेहर सिंह बाजवा का विशेष सहयोग रहा।
संगत ने नगर कीर्तन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और गुरु नानक देव जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व की खुशी में शहर भर में उत्सव का माहौल बना रहा।
