नोएडा। उत्तर प्रदेश यातायात निदेशालय के आदेशानुसार नवंबर माह को यातायात माह के रूप में मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना होता है। आज यातायात माह की शुरुआत सेक्टर-108 स्थित गौतमबुद्व नगर पुलिस कमिश्नरेट में आयोजित यातायात प्रबंधन पर विचार गोष्ठी के साथ हुआ। इस विचार गोष्ठी में उद्यमी, व्यापारी, आरडब्ल्यूए व सामाजिक संगठनों के साथ रोड सेफ्टी से संबंधित लोगों ने भाग लिया। गोष्ठी के बाद ज्वाइंट सीपी राजीव नारायण मिश्रा ने जागरूकता रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
नोएडा में यातायात माह के अवसर पर लोगों को यातायात के बारे में जागरूक करने के लिए एक रैली निकाली गई। जिसको हरी झंडी दिखाकर ज्वाइंट सीपी ने रवाना किया। रैली में यातायात पुलिस के कर्मचारी, मार्शल मोटर साइकिल, मिशन शक्ति की स्कूटी पर महिला व प्रदूषण रहित इलैक्ट्रानिक व एलईडी युक्त प्रचार वाहन शामिल थे। जो शहर के विभिन्न इलाकों से होकर गुजरी और लोगों को यातायात के नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया।
इस अवसर पर राजीव नारायण मिश्र ने कहा कि यातायात माह में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें लोगों को सुरक्षित यात्रा के लिए जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यातायात माह के दौरान विभिन्न स्कूल में कॉलेज में अवेयरनेस ड्राइव चलाई जाएगी और स्कूल प्रबंधन और बच्चों से विशेष रूप से अनुरोध किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यातायात संबंधित दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात के नियमों का उल्लंघन रोकने के लिए हर व्यक्ति को सामाजिक जिम्मेदारी निभानी पड़ेगी। जब तक हर व्यक्ति स्वयं से अनुशासन का पालन नहीं करेगा, दुर्घटनाएं नहीं रोकी जा सकती है। इस पूरे माह में विभिन्न तरह की गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस स्कूल-कॉलेजों में जाकर बच्चों को सुरक्षित सफर के प्रति जागरूक करेगी।