नोएडा। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नोएडा विधायक पंकज सिंह ने विधानसभा में नोएडा के हिंडन नदी के आसपास की कॉलोनियों से जुड़े कई अहम जनहित के मुद्दों को उठाया। उन्होंने कहा कि हिंडन नदी क्षेत्र की कॉलोनियों में वर्षों से बसे लोगों को आज भी बिजली जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित रखा गया है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
विधायक पंकज सिंह ने सदन में बताया कि हिंडन नदी के आसपास कॉलोनी में बने घरों को वर्ष 2013-14 के बाद से बिजली कनेक्शन नहीं मिल पाया है। इसके कारण पूरे क्षेत्र में अंधेरा रहता है, जिससे चोरी, दुर्घटना और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने सरकार से अपील की कि अस्थायी या शर्तों के साथ बिजली कनेक्शन देने की अनुमति दी जाए, ताकि लोगों को न्यूनतम सुविधाएं मिल सकें। साथ ही सड़क, नाली और खड़ंजा जैसी बुनियादी समस्याओं का भी उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अंधेरे के कारण इन मार्गों पर आवागमन भी जोखिम भरा हो गया है। इसके साथ ही
विधायक ने किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए बनाई गई हाई पॉवर कमेटी की सिफारिशों को जल्द से जल्द लागू करने की मांग की।
विधायक पंकज सिंह ने स्पष्ट कहा कि यह केवल बिजली का मुद्दा नहीं, बल्कि हजारों परिवारों की सुरक्षा और जीवन से जुड़ा सवाल है, जिस पर सरकार को संवेदनशीलता के साथ तत्काल निर्णय लेना चाहिए।
टिप्पणियां