Saturday, September 28, 2024

अमेरिका में जन्में, लंदन में पढाई.. जयंत चौधरी ने 2009 में की थी राजनीतिक शुरुआत, अब मोदी सरकार 3.0 में हुए शामिल

नई दिल्ली। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने रविवार को मोदी सरकार 3.0 में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के तौर पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। 46 साल के युवा नेता जयंत चौधरी पहली बार मंत्री बने हैं। जयन्त ने अंग्रेजी में शपथ ली।

देश के एक बड़े किसान परिवार की तीसरी पीढ़ी के राजनेता जयंत चौधरी पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के पोते और पूर्व केन्द्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह के बेटे हैं। मोदी 2.0 सरकार ने लोकसभा चुनाव से ठीक पहले गत फरवरी में जयंत चौधरी के दादा चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न से नवाजा था जिसके बाद जयंत ने केंद्र का आभार व्यक्त कर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए में शामिल होने का फैसला लिया था। उनके इस फैसले ने इंडिया ब्लॉक को एक बड़ा झटका दिया था।

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

बता दें कि जयंत ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 2009 में उत्तर प्रदेश की मथुरा सीट से लोकसभा चुनाव जीतने से की थी। शुरुआत में उनकी पार्टी ने समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था। जयंत 2014 में मथुरा और 2019 में बागपत से लोकसभा चुनाव हार गए थे। फिर वर्ष 2022 में विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी ने 11 सीटें हासिल की। वर्ष 2022 में ही वह सपा के समर्थन से राज्यसभा सदस्य चुने गए थे।

निजी जीवन की बात करें तो, जयंत का जन्म अमेरिका के टेक्सास राज्य के डलास शहर में चौधरी अजीत सिंह और राधिका सिंह के घर 27 दिसंबर, 1978 को हुआ था। जयंत ने दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री वेंकटेश्वर कॉलेज से ग्रेजुएशन करने के बाद 2002 में लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस से अकाउंटिंग और फाइनेंस में मास्टर डिग्री प्राप्त की।

उनका परिवार मूल रूप से बुलंदशहर के भटौना का रहने वाला है। उनके पिता अजीत सिंह भी कई बार के सांसद और केंद्रीय मंत्री रहे हैं। जयंत की शादी फैशन डिजाइनर चारू सिंह से हुई है, जिनसे उनके दो बच्चे हैं।

2024 के लोकसभा चुनाव में जयंत चौधरी की राष्ट्रीय लोकदल ने एनडीए गठबंधन में चुनाव लड़ा। रालोद के हिस्से में बागपत और बिजनौर दो सीटें आई। दोनों सीटों पर ही रालोद प्रत्याशियों ने विजय का झंडा फहराया। बिजनौर से रालोद प्रत्याशी चंदन चौहान ने सपा के दीपक कुमार को 37 हजार से ज्यादा मतों के अंतर से हराया। वहीं बागपत सीट से रालोद के डॉ राजकुमार सांगवान ने सपा के अमरपाल को करीब 1.60 लाख वोटों के अंतर से मात दी। इस तरह उसका स्ट्राइक रेट 100 फीसदी रहा।

पहले से ही कयास लगाए जा रहे थे कि यदि एनडीए को बहुमत मिलता है तो जयंत चौधरी को इस बार केंद्र में मंत्री बनाया जाएगा। उन्होंने रविवार को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के तौर पर शपथ ली है। वह मोदी सरकार-3.0 में चौधरी चरण सिंह की विरासत को आगे बढ़ायेंगे।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,306FansLike
5,445FollowersFollow
115,034SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय