शामली। राष्ट्रीय लोकदल के सदस्यता अभियान का समापन शुक्रवार को जिला कार्यालय शामली पर उत्साहपूर्ण और गरिमामय वातावरण में किया गया। यह अभियान 14 अप्रैल से 31 अक्टूबर तक जिलेभर में सफलतापूर्वक चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चौधरी वाजिद अली ने की। इस अवसर पर व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विकास धीमान ने अपनी कार्यकारिणी की घोषणा की और रामकुमार वर्मा को जिला महासचिव नियुक्त किया गया। क्षेत्रीय अध्यक्ष योगेंद्र सिंह चेयरमैन ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल किसानों, मजदूरों और युवाओं की सच्ची आवाज है। जयंत चौधरी के नेतृत्व में पार्टी ने किसान हित की लड़ाई मजबूती से लड़ी है, जिसके परिणामस्वरूप सरकार को गन्ने का मूल्य 30 बढ़ाकर 400 प्रति क्विंटल करना पड़ा। जिलाध्यक्ष चौधरी वाजिद अली ने कहा कि सदस्यता अभियान की सफलता पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है, जिन्होंने गांव-गांव जाकर लोकदल की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया।
सदस्यता अभियान प्रभारी देशराज भनेड़ा और विजय कौशिक ने कार्यकर्ताओं के उत्साह और जनता के सहयोग को अभियान की ऐतिहासिक सफलता का आधार बताया। विधानसभा अध्यक्ष सनोज चौधरी ने कहा कि संगठन को हर बूथ तक मजबूत करना पार्टी का लक्ष्य है। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अरविंद पंवार, उमेश पंवार, बाबूराम पंवार, अजब सिंह, राजेंद्र वर्मा, नरेश प्रधान, सुधीर प्रधान, बिनोद प्रधान, अमित कुमार, ब्रजवीर एडवोकेट, नरेश मलिक, लबनान चौधरी, देवानंद गौड़ मौजूद रहे।