देवबंद (तल्हेडी बुजुर्ग)। देवबंद-गागलहेडी मार्ग एस एच-59 पर साखन खुर्द के निकट अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर लगने से स्कूटी चालक की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मिली जानकारी के अनुसार नत्थू सिंह पुत्र पूरणमल निवासी नूरपुर थाना देवबंद (56 वर्ष) देर रात अपनी स्कूटी द्वारा ड्यूटी के उपरान्त घर लौट रहा था। जैसे ही वह साखन खुर्द के समीप बने मास्टर ढाबे के निकट पहुंचा तो पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी जिसके कारण वह गम्भीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को लेकर देवबंद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए लेकर रवाना हुई। लेकिन अधिक गंभीर हालत के चलते रास्ते में ही घायल नत्थू सिंह की मौत हो गई।
तल्हेडी चौकी प्रभारी राजकमल ने बताया कि स्कूटी चालक नत्थू सिंह किसी शुगर मिल में नौकरी करते थे जो ड्यूटी के उपरान्त घर वापिस लौट रहे थे। इसी बीच किसी अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से उनकी मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि आसपास में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच पड़ताल की गई है लेकिन अज्ञात वाहन का कुछ पता नहीं चल सका है। परिजनों के द्वारा मिली तहरीर पर अज्ञात वाहन के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है। चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतक व्यक्ति ने हेलमेट पहने हुए था।