नोएडा। एनसीआर का शातिर बदमाश तथा 25 हजार रुपए के इनामी प्रकाश उर्फ चूहा देर रात को पुलिस के जाल में फंस गया। बदमाश का दूसरा साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया है। पुलिस ने प्रकाश के पास से विभिन्न जगहों से लूटे हुए चार मोबाइल फोन, अवैध हथियार तथा घटना में प्रयुक्त होने वाली बाइक बरामद किया है। बदमाश के खिलाफ दिल्ली एवं नोएडा के थानों में 12 मुकदमें दर्ज है।
अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि बीती रात को थाना सेक्टर-113 पुलिस एफएनजी रोड पर चेकिंग कर रही थी, तभी बाइक पर सवार होकर दो बदमाश आते हुए दिखाई दिए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बदमाशों को रूकने का इशारा किया। बदमाश रुकने की बजाए पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाते हुए भागने लगे।
उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली एक बदमाश प्रकाश उर्फ चूहा पुत्र झब्बा लाल निवासी कल्याणपुरी दिल्ली के पैर में लगी है। उसका दूसरा साथी मनीष अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। उन्होंने बताया कि बदमाश प्रकाश के पास से पुलिस ने विभिन्न जगहों से लूटे हुए चार मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त होने वाली मोटरसाइकिल, देसी तमंचा और कारतूस आदि बरामद किया है। उन्होंने बताया कि उक्त बदमाश के खिलाफ राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों में 12 से ज्यादा लूटपाट, चोरी और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।