Friday, July 5, 2024

निकाय और लोकसभा चुनाव में खिलाना है कमल : योगी आदित्यनाथ

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर प्रदेश की सुदृढ़ कानून व्यवस्था, चहुंमुखी विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के आधार पर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने कहा कि हमें पहले निकाय और फिर लोकसभा चुनाव में कमल ही कमल खिलाना है।

मुख्यमंत्री योगी रविवार को हिन्दुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (खाद कारखाना) के मैदान पर लगभग 1046 करोड़ रुपये की लागत वाले 258 विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण करने के बाद यहां आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 333.85 करोड़ रुपये के 56 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 711.81 करोड़ रुपये के 202 विकास कार्यों का शिलान्यास किया।

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर जनपद के तहत तीन लोकसभा और 09 विधानसभा सीटों पर विजय के बाद नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों की सीट भी भाजपा की झोली में लाने के लिए रणनीति बनानी होगी। इसी संकल्प के साथ हम आगे बढ़ेंगे तो न कोई विकास बाधित कर पाएगा और न ही सुरक्षा में सेंध लगा पाएगा।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भाजपा हर एक स्तर पर काम कर रही है। ग्राम पंचायत से लेकर विधानसभा और लोकसभा स्तर तक यह कार्य दिख रहा है। पहली बार गोरखपुर की सभी 09 विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत यह दर्शाती है कि गोरखपुर विकास चाहता है। विकास और जनकल्याण को आगे बढ़ाने में सफलता इसीलिए मिल रही है कि यहां डबल इंजन की सरकार होने के साथ ब्लॉक व निकाय स्तर तक भाजपा के कार्यकर्ता हैं।

दुनिया के लिए आदर्श बना भारत

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अब दुनिया के विभिन्न देशों के लिए आदर्श बना है। पूरी दुनिया नए भारत की ताकत को देख रही है। एक तरफ विरासत का सम्मान हो रहा है, समृद्धि आ रही है, बिना भेदभाव समाज के हर तबके को योजनाओं का लाभ मिल रहा है तो वहीं दूसरी तरफ आंतरिक और वाह्य सुरक्षा का शानदार वातावरण विगत नौ वर्ष से देश में नागरिकों के मन मे विश्वास सृजन का कार्य कर रहा है।

माफिया-दंगाइयों का इलाज जानती है सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश को प्रत्येक क्षेत्र में हो रहे विकास का लाभ प्राप्त हो रहा है। छह वर्ष पहले उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था बदतर थी। हर दूसरे-तीसरे दिन दंगे होते थे। न लोग सुरक्षित थे न बेटियां। अराजकता का तांडव था। आप सबने देखा है कि छह साल से यूपी में एक भी दंगा नहीं हुआ । सरकार दंगाइयों का कानूनी तरीके से ठीक से इलाज कर रही है। अब यहां माफिया सिर तान कर नहीं चल सकता। बहन-बेटी की इज्जत से खिलवाड़ नहीं कर सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था सबसे अधिक मजबूत है तो वहीं सबसे अधिक इंफ्रास्ट्रक्चर और योजनाओं का लाभ की यहां के नागरिकों को प्राप्त हो रहा है।

आज दुस्साहस नहीं कर पाएंगे माफिया

योगी ने कहा कि आज सड़क, पुल, ओवरब्रिज, स्टेडियम, शैक्षणिक संस्थान, हॉस्पिटल जैसे विकास कार्यों की सौगात मिली है। और भी बड़ी-बड़ी परियोजनाएं आने वाली हैं। हर तबके के लिए योजनाएं हैं। अच्छा इंफ्रास्ट्रक्चर राह आसान बनाता है। ईज ऑफ लिविंग के लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद करता है। नागरिकों के समय की बचत करता है। प्रदेश में खनन माफिया, भू माफिया, वन माफिया, संगठित अपराध करने वाले माफिया थे। आज ये माफिया दुस्साहस नहीं कर पाएंगे। आज एक नाये गोरखपुर का दर्शन हो रहा है।

पहले के नेतृत्व में इच्छाशक्ति थी ही नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास की यह सारी संभावनाएं पहले भी थीं लेकिन नेतृत्व में इच्छाशक्ति थी ही नहीं। पहले उद्योग बंद कराए जाते थे, अब लगवाए जा रहे हैं। आज जिस स्थान पर यह कार्यक्रम हो रहा है वहां पुराने खाद कारखना को बंद करा दिया गया था। अब यहां नया खाद कारखाना क्षमता से अधिक उत्पादन कर रहा है। यहां सैनिक स्कूल है, एसएसबी का सेंटर है। बगल में स्थित चिलुआताल का सुंदरीकरण भी रामगढ़ताल की तर्ज पर कराया जा रहा है।

जातिवाद से नहीं हो सकता किसी का कल्याण

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का लाभ तेजी से मिलता रहे इसके हम सभी को जाति से ऊपर उठकर सकारात्मक सोच को आगे बढ़ाना होगा। जातिवाद से किसी का कल्याण नहीं हो सकता। आजादी के बाद बहुत से लोगों ने जातिवाद की राजनीति की लेकिन उन्होंने क्या किया? क्या गरीबों के लिए आवास-शौचालय बनवाए, बिजली, गैस के कनेक्शन दिए, उपचार के लिए पैसा दिया? जवाब एक ही है, नहीं।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,098FansLike
5,351FollowersFollow
64,950SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय