मेरठ। दिल्ली रोड पर शॉप्रिक्स मॉल के सामने शताब्दी नगर स्टेशन तक होली तक नमो भारत रैपिड ट्रेन का संचालन नहीं हो सका। अभी विभिन्न तकनीकी समस्याओं को दूर किया जा रहा है। इन्हें दूर करके ट्रेन संचालन सुचारु कर कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी का निरीक्षण कराया जाएगा। उनकी स्वीकृति के बाद ही संचालन संभव होगा। ऐसे में माना जा रहा है कि अब अप्रैल में ही नमो भारत ट्रेन का संचालन शताब्दीनगर तक संभव होगा। ट्रेन का ट्रायल रन भी रुक-रुक कर हो रहा है।
मेरठ साउथ से शताब्दीनगर तक नमो भारत रैपिड ट्रेन का ट्रायल रन 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने पांच जनवरी से दिल्ली के न्यू अशोक नगर से आनंद विहार होते हुए मेरठ साउथ तक शुभारंभ कर ट्रेन का संचालन शुरू कराया था। अब शताब्दीनगर तक ट्रेन का संचालन संभव है।
पहले होली तक ट्रेन संचालन के कयास लगाए जा रहे थे लेकिन अभी तक पूरी तरह से तकनीकी खामियां दूर नहीं हुई हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि अप्रैल में ही ट्रेन शताब्दी नगर स्टेशन तक चल सकेगी। मेरठ साउथ स्टेशन रैपिड कॉरीडोर का शहर में पहला स्टेशन है। यह स्टेशन शहर के केंद्र के रूप में विकसित होना है। यहां न केवल शहर के बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी यात्रा के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में यहां सबसे बड़ी पार्किंग बनाई गई है। दो भाग में बनी पार्किंग में 1200 वाहन खड़े किए जा सकते हैं।
शताब्दीनगर में 800 वाहन खड़े करने की क्षमता की पार्किंग बनाई जा रही है। शताब्दीनगर स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए सड़क के दोनों ओर दो प्रवेश-निकास द्वार निर्मित किए गए हैं। छह किलोमीटर के इस अतिरिक्त खंड में शताब्दीनगर नमो भारत स्टेशन के अलावा परतापुर और रिठानी के दो मेट्रो स्टेशन भी होंगे।