Friday, April 26, 2024

देशभर में रंगोत्सव पर्व होली की रही धूम, द्रोपदी मुर्मू, मोदी, अमित शाह ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं !

मुज़फ्फर नगर लोकसभा सीट से आप किसे सांसद चुनना चाहते हैं |

नयी दिल्ली – राजधानी दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों में बुधवार को रंगोत्सव पर्व होली की धूम देखी गयी है। राजधानी के अलावा देश के अन्य हिस्सों में भी होली का त्योहार बड़ी ही धूमधाम से मनाया जा रहा है।

रंगों के इस त्योहार पर दिल्ली में लोग एक दूसरे पर रंग अबीर गुलाल लगाकर एक दूसरे को बधाई और गले मिलते हुए देखे गए। होली का त्योहार लोगों के जीवन में रंग भरने का काम करता है। दिल्ली के कई इलाकों में लोग छोटी-छोटी टोलियों में ढोल और बाजे के साथ होली के गीत गाते हुए देखे गए। ये लोग अपनी क्षेत्रीय भाषा में लोकगीत गाते हुए एक दूसरे को रंग गुलाल लगा कर बधाई देते हुए देखे गए।

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने और केन्द्रीय गृहमंंत्री अमित शाह ने बुधवार को देशवासियों को रंगों के त्योहार होली के पर्व की शुभकामनाएं दी हैं।

राष्ट्रपति मुर्मू ने ट्वीट किया, “उल्लास और उमंग के पर्व होली की सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। स्नेह और भाईचारे का यह त्योहार हमारे विविधतापूर्ण समाज के जीवंत रंगों और सौहार्द का प्रतीक है। मेरी मंगल कामना है कि रंगों का यह महापर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि व नई ऊर्जा का संचार करे।”

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, “ होली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आप सभी के जीवन में हमेशा आनंद और उमंग का रंग बरसे।”

श्री शाह ने ट्वीट कर कहा, “रंग, उमंग, हर्ष और उल्लास के त्योहार होली की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। खुशियों का यह त्योहार आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा का संचार करे।”

इसबीच केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर आयोजित होली समारोह में अमेरिकी वाणिज्य सचिव जीना रायमोंडो और श्री सिंह के परिवार के साथ होली मनाई। इस दौरान वहां मौजूद तमाम लोगों की भीड़ एक-दूसरे के साथ होली खेलते हुए देखी गई।

कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट किया, “होली, एकजुटता की भावना का उत्सव के रूप में मनाया जाता है और हमें रंगों की विविधता का आनंद लेने के लिए प्रेरित करती है। यह लोगों को एकजुट करने वाला त्यौहार है और आपसी भाईचारे को मजबूत करता है। होली के आनंदमय अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई। ”

कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने सबके जीवन में रंग भरने की कमाना करते हुए बधाई दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “रंग होली का त्योहार सबके जीवन में नए रंग भरे, देश पर एकता का रंग चढ़े।”

दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी रंगो के त्योहार होली पर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। हालांकि उन्होंने आज होली नहीं मनाई। उन्होंने कल पार्टी नेताओं सत्येंद्र जैन और मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के मद्देनजर होली नहीं मानने की घोषणा की थी।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को होली पर्व पर शुभकामनाएं दी और गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में होली का त्योहार मनाया। उन्होंने कहा कि होली हमेशा इस बात की प्रेरणा देता है किसी प्रकार की घृणा, ईर्ष्या अपने मन में किसी के प्रति न रखें। इस त्योहार में न जाति भेद है न वर्ग भेद है। छोटे, बड़े, हर वर्ग के लोग इसके साथ जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्व और त्योहार कैसे होने चाहिए ये शोभायात्राएं इसका उदाहरण तय करती है। उन्होंने पर्व और त्योहार भारत की प्राचीनता को प्रदर्शित करता है, भारत की समृद्धिशाली संस्कृति का प्रतीक है।

ब्रज में होली के कई रंग दिखाई देते है यहां फूलों की होली, बरसाने की लठमार होली का भी एक अलग ही अंदाज है, लड्डू की होली से लेकर गुलाल की होली, यहां पर होली के सारे रंग दिखाई देते हैं। ब्रज की होली कई दिन पहले शुरू हो जाती हैं, लोगों में होली को लेकर उमंग और जोश यहां पर एक अलग ही स्तर पर देखने को मिलता है। यहां देश विदेश से लोग होली खेलने के लिए आते हैं। ब्रज में होली पर्व 40 दिन तक चलता है और इसकी शुरुआत राधा की जन्मस्थली बरसाना से होती हैं।

श्री योगी ने गोरखपुर के नरसिंह भगवान शोभायात्रा में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने आरती करने के बाद फूलों की होली खेली। शोभायात्रा पांडेयहाता से शुरू होकर घंटाघर, मदरसा चौक, लालडिग्गी, घासीकटरा, जाफरा बाजार, बेनीगंज, चरणलाल चौक, आर्यनगर, बक्शीपुर, नखास चौक, घंटाघर से नॉर्मल होते हुए पुनः पांडेहाता चौक पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान शोभायात्रा में सबसे आगे घोड़ा, फिर बैंड-बाजा और अंत में भक्त प्रहलाद और होलिका की झांकी थी। युवा होली के गीतों पर नाच गा रहे थे। शोभायात्रा जिस ओर से गुजर लोगों ने रंग, अबीर और गुलाल से उसका स्वागत किया। इससे पूरे माहौल में रंगमय हो गया।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी देश व प्रदेशवासियों को रंगों के पावन पर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएं। रंग, उमंग, हर्ष और उल्लास का यह पर्व आप सभी के जीवन में भरपूर सुख, समृद्धि और खुशियां लेकर आए, मेरी यही कामना है।

महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे में परिवार के साथ होली मनाई। वहीं उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मुंबई में उत्तर भारतीयों की होली उत्सव में शामिल हुए।

इस दौरान हरियाणा, पंजाब और राजस्थान सहित अन्य राज्यों से भी होली मनाये जाने के समाचार मिल रहे हैं।

सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने भी देशवासियों को होली की बधाई दी।

राजस्थान के जैसलमेर में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने नाच-गाकर एक दूसरे को होली की बधाई दी। इस दौरान महिला जवानों ने भी बढ़-चढ़ कर भाग लिया और सभी एक दूसरे को गुलाल लगाते हुए नजर आयीं।

होली पर्व हिंदू पंचांग के अनुसार फाल्गुन मास की पूर्णिमा को मनायी जाती है। होली रंगों का और हर्षो उल्लास का त्योहार है। यह भारत समेत विश्वभर में मनायी जाती है।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,237FansLike
5,309FollowersFollow
47,101SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय