मेरठ। मेरठ से हरिद्वार कांवड़ लेने जा रहे कांवड़ियों में तीन की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतकों में एक मेरठ तोपखाना निवासी अनमोल है। जो कि चार बहनों में अकेला भाई था। वहीं दो युवक मोदीनगर के रहने वाले हैं। हादसे में करीब 10 युवक घायल हुए हैं। अनमोल की बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मंसूरपुर क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर देवराना होटल के पास ट्रैक्टर ट्राली में ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में ट्रैक्टर ट्राली सवार 3 लोगों की मौत हो गई। जबकि 10 लोग घायल हो गए। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक एवं घायलों को कांवड़ियां बताया जा रहा है। जो कि हरिद्वार कांवड़ लेने जा रहे थे। मृतकों में एक मेरठ और दो मोदीनगर के निवासी हैं। मृतकों का डीजे का काम था। पुलिस के मुताबिक हादसा सुबह 4.30 बजे के आसपास हुआ है। ट्रैक्टर ट्राली में दो डीजे और उनका सामान रखा हुआ था।
एक डीजे मेरठ के तोपखाना लालकुर्ती निवासी अनमोल का और दूसरा डीजे मोदीनगर निवाड़ी निवासी रोहित का था। दोनों डीजे व सामान को ट्रैक्टर ट्राली में लेकर हरिद्वार जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक ने ट्राले में पीछे से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में अजय और अनमोल की मौके पर मौत हो गईए जबकि अन्य सभी लोगों को बेगराजपुर मेडिकल ले जाया गया। जहां रोहित की मौत हो गई। अन्य सभी लोगों को चोटें आई हैं।
मेरठ निवासी अनमोल तोपखाना का रहने वाला था। वह चार बहनों में इकलौता भाई था। अनमोल की मौत से पूरे तोपखाने में मातम छाया हुआ है। आज तोपखाने के किसी भी घर में चूल्हा नहीं जला है।