मेरठ। थाना परीक्षितगढ़ क्षेत्र स्थित पॉली क्लीनिक में घुसकर संचालक पर जानलेवा हमलाकर गुप्तांग काटने के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जांच में सामने आया कि क्लीनिक संचालक एक महिला से अवैध संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। इसकी जानकारी होने पर पति ने दो सालों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। क्लीनिक संचालक का दिल्ली अस्पताल में उपचार चल रहा है।
संचालक के क्लीनिक पर बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे तीनों आरोपी पहुंचे थे। आरोपियों ने संचालक से मारपीट करते हुए उसका गुप्तांग काट दिया था। जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले। पहले तो संचालक ने स्वयं व अपने साथियों के साथ मिलकर उपचार क्लीनिक पर ही करने का प्रयास किया। लेकिन खून अधिक बहने के कारण परिजन ने उसे मेडिकल में भर्ती कराया। यहां डाक्टरों ने उसे दिल्ली में उपचार कराने की सलाह दी। जिसके बाद परिजन उसे आनंद अस्पताल में लेकर पहुंचे। यहां से उसे दिल्ली रेफर कर दिया।
परीक्षितगढ़ थाना पुलिस को घटना की जानकारी बृहस्पतिवार रात दस बजे दी गई। एसपी देहात डा. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र में रहने वाली एक महिला पर क्लीनिक संचालक दबाव बना रहा था। महिला ने विरोध करने के बाद इसकी जानकारी अपने पति को दे दी। महिला के पति ने अपने दो सालों के साथ मिलकर क्लीनिक पर पहुंचकर तोड़फोड़ की और तेजधार हथियार से गुप्तांग काट दिया। पुलिस ने महिला के पति और दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।