लखनऊ – बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर केन्द्रीय विश्वविद्यालय(बीबीएयू),लखनऊ में प्रोफेसर डॉ राजशरण शाही को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में पुनर्निर्वाचित किया गया है।
एबीवीपी के मीडिया संयोजक आशुतोष सिंह ने गुरुवार को यहां बताया कि विश्व के सबसे बड़े छात्र संगठन एबीवीपी के राष्ट्रीय महामंत्री के पद पर याज्ञवल्क्य शुक्ल निर्वाचित हुए है।लगातार दूसरी बार दोनों अपने-अपने पदों पर निर्वाचित किए गए हैं। गुरुवार को यह घोषणा अभाविप केंद्रीय कार्यालय (मुंबई) से की गई। दिल्ली में सात से 10 दिसंबर को होने वाले 69वें राष्ट्रीय अधिवेशन में दोनों अपना पदग्रहण करेंगे।
उल्लेखनीय है कि डॉ. राजशरण शाही मूलतः उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से हैं। आपकी शिक्षा शिक्षाशास्त्र में पी.एचडी तक हुई है। शाही ने पाँच पुस्तकों का लेखन व संपादन किया है। अभी तक आपके 103 से अधिक शोधपत्र एवं लेख राष्ट्रीय व अन्तर-राष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं एवं संगोष्ठियों में रखे जा चुके हैं। साथ ही शिक्षा से जुड़े विषयों पर दैनिक पत्रों में आपके लेख प्रकाशित हुए हैं।
अभाविप के राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान एक दिन पहले ही लखनऊ में पूर्वी उत्तर प्रदेश के सभी चारों प्रान्तों के प्रान्त संगठन मंत्रियों के साथ बैठक कर गये थे। राष्ट्रीय संगठन मंत्री लखनऊ प्रवास के दौरान डा. राजशरण शाही के आवास पर भी गये थे। यहीं से सीधे वह मुंबई गये।
अभाविप के पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र संगठन मंत्री घनश्याम शाही और प्रान्त संगठन मंत्री अंशुल समेत अभाविप कार्यकर्ताओं ने डा.राजशरण शाही को बधाई दी है।