Saturday, September 28, 2024

हिंदुस्तान की सबसे भ्रष्ट सरकार है चंपाई सोरेन सरकार- शिवराज सिंह चौहान

रांची। केन्द्रीय कृषि मंत्री और झारखंड के भाजपा प्रदेश चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, झारखंड के कार्यकर्ताओं, नेतृत्व, बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और पूरी टीम ने लोकसभा चुनाव में परिश्रम की पराकाष्ठा की है और इसी का नतीजा है कि, भाजपा ने यहां शानदार सफलता हासिल की है।

चौहान रविवार को रांची में प्रेसवार्ता को संबोधित किया। इस दौरान चुनाव सह प्रभारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि हम झारखंड में 9 सीटें जीते हैं और लगभग 52 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा आगे रही है। मैं यहां के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करता हूं। साथ ही चौहान ने झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, सोरेन सरकार, झारखंड को तबाही की ओर ले जा रही है।

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

 

प्रदेश चुनाव प्रभारी चौहान ने झारखंड सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि, झारखंड में चारों तरफ केवल लूट का माहौल है। चंपाई सोरेन सरकार में चाहे रेत हो, चाहे कोयला हो, चाहे खनिज हो या फिर ट्रांसफर पोस्टिंग हो। हर तरफ केवल लूट ही मची है। उन्होंने कहा कि, जेएमएम के नेता गिरफ्तार हो रहे हैं, इनके मंत्री जेलों में हैं। हम एक-एक काला चिठ्ठा खोलेंगे और भ्रष्टाचार में लिप्त हर एक को सजा दिलाएंगे। भारतीय जनता पार्टी का संकल्प है कि, झारखंड को भ्रष्टाचार की तबाही से मुक्त कराना है, और इसलिए हम सब, हमारे कार्यकर्ता परिश्रम की पराकाष्ठा, प्रयत्न की परिसीमा करेंगे और फिर से झारखंड में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बना कर झारखंड को कुशासन से मुक्त करेंगे, सुशासन लाएंगे ताकि जो विकसित भारत के निर्माण का संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का है उसके लिए हम विकसित झारखंड बना सकें।

चौहान ने कहा कि, झारखंड की सोरेन सरकार हिंदुस्तान की सबसे भ्रष्ट सरकार है। इस सरकार ने भोली-भाली जनता से जो वादे किए थे, उनमें से एक भी वादा पूरा नहीं किया। इस सरकार ने युवाओं से सरकारी नौकरियों का वादा किया था, लेकिन आज तक एक भी नियुक्ति पत्र किसी को नहीं दिया। इन्होंने बेरोजगार युवाओं के साथ भी बेरोजगारी भत्ते के नाम पर छलावा किया, बेरोगजारी भत्ते का वादा किया लेकिन निभाया नहीं। उन्होंने कहा कि, अकेले केन्द्र सरकार के ग्रामीण विकास विभाग ने झारखंड को पिछले कुछ वर्षो में मनरेगा में अकेले ही 21 हजार 55 करोड़ रूपए दिए लेकिन न तो मनरेगा का काम ठीक से हो पाया न ही झारखंड का विकास हो पाया। यहां की भ्रष्ट सरकार मनरेगा और विकास कार्यों की राशि भी डकार गई।

उन्होंने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी ने तय किया है कि, जहां-जहां बूथ जीते हैं वहां शानदार सफलता के लिए अभिनंदन कार्यक्रम किए जाएंगे। अब झारखंड को कुशासन से मुक्त कराने का संकल्प यहां के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं ने लिया है। विधानसभा चुनाव में पूरी टीम दिन और रात मेहनत, लगन के साथ परिश्रम करेगी। कार्यकर्ताओं में आज जो विजय का आत्मविश्वास दिखाई दिया है, उससे हम आश्वस्त हैं कि, झारखंड में इस बार भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ अपनी सरकार बनाएगी।

चौहान ने कहा कि, ये देश का सौभाग्य है कि नरेंद्र मोदी तीसरी बार लगातार भारत के प्रधानमंत्री बने हैं। वर्ष 1962 के बाद यह चमत्कार पहली बार हुआ है, जब ऐसा शानदार बहुमत प्रधानमंत्री बनाने के लिए हमारी पार्टी, हमारे गठनबंधन एनडीए को मिला हो और मोदी जी के नेतृत्व में हमारा देश विकसित भारत तो बनेगा ही लेकिन झारखंड को भी विकसित झारखंड बनाने का हमारा संकल्प है।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,306FansLike
5,445FollowersFollow
115,034SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय