Friday, October 11, 2024

बीजेपी MLA थाने में गए FIR लिखवाने, कोतवाल ने नहीं लिखी , तो वहीं से भेज दिया विधानसभा से इस्तीफा

सागर/भोपाल- मध्यप्रदेश में सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सागर जिले के देवरी से विधायक बृजबिहारी पटेरिया ने आज रात एक नाटकीय घटनाक्रम के बीच विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया।


श्री पटेरिया सागर जिले के केसली थाने पहुंचे थे और वहां एक पीड़ित की कथित तौर पर प्राथमिकी दर्ज नहीं होने के कारण उन्होंने वहीं से त्यागपत्र लिखकर विधानसभा अध्यक्ष और सचिवालय को भेज दिया। श्री पटेरिया ने दूरभाष पर त्यागपत्र भेजे जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि जब सत्तारूढ़ दल के विधायक की बात ही नहीं सुनी जाए, तो वे ऐसी “विधायिकी” नहीं करना चाहते। श्री पटेरिया ने गुरुवार की रात्रि में लगभग दस बजे त्यागपत्र दिया है और वे इसके बाद से अपने समर्थकों के साथ थाना परिसर में धरने पर बैठ गए।

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 


श्री पटेरिया ने मौके पर मीडिया से कहा कि वे एक पीड़ित के पक्ष में तथा चिकित्सक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने आए थे। उनकी थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारियों से भी बात हुयी, लेकिन वे “सर्कुलर” दिखा रहे हैं और प्राथमिकी दर्ज नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब निर्वाचित विधायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हो सकती है, तो एक चिकित्सक के खिलाफ क्यों नहीं।


श्री पटेरिया ने विधानसभा अध्यक्ष को संबोधित पत्र में लिखा है, “पीड़ित पक्ष के संदर्भ में थाना केसली में उपस्थित हुआ। थाना केसली में एफआईआर दर्ज नहीं होने से पीड़ित पक्ष के साथ न्याय नहीं होने से मैं आहत हूं, पीड़ित हूं, व्यथित हूं, अत: विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं।”


श्री पटेरिया के त्यागपत्र की खबर के बाद प्रदेश भाजपा संगठन और सरकारी तंत्र भी सक्रिय हो गया है।
श्री पटेरिया पहले कांग्रेस में थे और उसके टिकट पर भी देवरी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। 2023 का चुनाव उन्होंने देवरी से भाजपा के टिकट पर लड़ा और विजयी हुए। दो सौ तीस सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के कुल सदस्यों की संख्या 163 है, जबकि कांग्रेस के 64 विधायक हैं। एक विधायक भारत आदिवासी पार्टी से है और दो सीट बुधनी तथा विजयपुर रिक्त हैं। 

कांग्रेस ने किया कटाक्ष 

सागर जिले के देवरी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक बृजबिहारी पटेरिया के आज रात त्यागपत्र देने की घटना पर मध्यप्रदेश में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने सत्तारूढ़ दल पर कटाक्ष किया है।
प्रदेश कांग्रेस ने सोशल मीडिया एक्स पर रात्रि में विधायक की ओर से लिखा गया पत्र पोस्ट करते हुए कहा है, “सोशल मीडिया में वायरल पत्र के अनुसार, सागर जिले के देवरी से भाजपा विधायक बृजबिहारी पटेरिया ने विधानसभा अध्यक्ष के नाम इस्तीफा भेजा है। विधायक अपने क्षेत्र के एक पीड़ित के लिए थाना केसली पहुंचे थे, लेकिन पीड़ित की एफआईआर दर्ज नहीं की गयी। मध्यप्रदेश में भाजपा के जनप्रतिनिधियों की ही सुनवायी नहीं हो रही है, तो आम जनता फिर क्या ही उम्मीद कर सकती है।”

Related Articles

STAY CONNECTED

74,306FansLike
5,445FollowersFollow
115,034SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय