Friday, September 20, 2024

विधायक निधि का इस्तेमाल कर सभी विधायकों ने लोगों की मांग के अनुसार उनके क्षेत्रों में कार्य कराया: राजीव गुंबर 

 

सहारनपुर। सहारनपुर जनपद में भाजपा विधायकों ने सर्किट हाउस में पत्रकारों को बताया कि इस साल यहां के लोगों को सरसावा का हवाई अड्डा चालू हो जाने के बाद हवाई यात्रा की सुविधा मिल जाएगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की घोषणा के मुताबिक प्रयागराज और मेरठ के बीच चलने वाली संगम एक्सप्रेस को सहारनपुर तक बढ़ा दिया जाएगा और सहारनपुर नगर में भूमि का प्रबंध होते ही अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। जिले के प्रभारी मंत्री की गैर मौजूदगी में नगर विधायक राजीव गुंबर ने अपने तीन अन्य विधायकों मुकेश चौधरी, चौधरी कीरत सिंह और देवेंद्र निम के साथ आज सर्किट हाउस में पत्रकारों को बताया कि इस वर्ष सरसावा का नागरिक हवाई अड्डा शुरू हो जाएगा और सहारनपुर नगर में भूमि उपलब्ध होने के बाद अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण कराया जाएगा।

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

परिवहन मंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बस अड्डे निर्माण के लिए अपनी स्वीकृति दे चुके हैं। सहारनपुर के जनप्रतिनिधियों की मांग पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की घोषणा के मुताबिक प्रयागराज और मेरठ के बीच चलने वाली संगम एक्सप्रेस सहारनपुर तक बढ़ा दी जाएगी। राजीव गुंबर ने बताया कि सभी विधायकों ने अपनी विधायक निधि का इस्तेमाल करते हुए लोगों की मांग के अनुसार उनके क्षेत्रों में सड़कें, खडंजा, नाली, नाला बनवाने का काम किया है। पत्रकारों ने सहारनपुर स्मार्ट सिटी के बारे में पूछा तो विधायकों के पास कोई तसल्ली बख्स उत्तर नहीं था। सहारनपुर स्मार्ट सिटी का कामकाज ढीला ढाला है। लोगों को किसी तरह का कोई फायदा अभी तक नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सहारनपुर में बनवाई गई माता शाकम्बरी राज्य विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन को इस साल मई माह तक पूरा किया जाना प्रस्तावित है। मार्च महीना खत्म होने को है लेकिन अभी तक आधा काम भी पूरा नहीं हुआ है।

इस यूनिवर्सिटी के संस्थापक कुलपति ह्दय शंकर सिंह ने भी इस संवाददाता को बताया कि निर्माण कार्य की गति बेहद सुस्त है। मुख्यमंत्री स्वयं आकर भी यहां अपनी अप्रसन्नता जता चुके हैं। प्रथम चरण के निर्माण में 92 करोड़ चार लाख 53 हजार रूपए खर्च होने हैं। निर्माण करने वाली संस्था लोक निर्माण विभाग है। इस विभाग के राज्यमंत्री इसी जिले के देवबंद क्षेत्र के विधायक हैं। कमिश्नर डा. लोकेश एम भी इस दिशा में कोई बदलाव नहीं ला पा रहे हैं। जो पुस्तिका जिला प्रशासन की ओर से जनप्रतिनिधियों के विकास कार्यों संबंधी पत्रकारों दी गई है उसमें सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र जिसका प्रतिनिधित्व बसपा सांसद फजर्लुरहमान कुरैशी करते हैं की ओर से दर्शाया गया है कि उन्होंने अपनी सांसद निधि से देवबंद और रामपुर मनिहारान विधानसभा क्षेत्र में कोई भी प्रस्ताव नहीं दिया है। सहारनपुर जिले में 7 में से 5 विधायक बीजेपी के हैं जबकि दो विधायक आशु मलिक सहारनपुर देहात और उमर अली बेहट की ओर से भी विधायक निधि का पूरा इस्तेमाल करना दर्शाया गया है।

औद्योगिक राज्य मंत्री एमएलसी जसवंत सैनी ने भी अपनी निधि का डेढ़ करोड़ की पूरी रकम छोटे-मोटे विकास कार्यों पर खर्च कर दिए। जिले में एक अन्य एमएलसी समाजवादी पार्टी के शाहनवाज खां हैं उन्होंने अपनी डेढ़ करोड़ की विधायक निधि में से एक करोड़ का विकास कार्यों पर खर्च होना दर्शाया हैं। कोरोना काल में बंद हुई कई ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू हो गया है लेकिन अभी भी यात्रियों को सुचारू व्यवस्था ना होने के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रेस कांफ्रेंस में जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, सीडीओ विजय कुमार, जिला सूचना अधिकारी दिलीप गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र सैनी, भाजपा के महानगर के अध्यक्ष राकेश जैन, पूर्व मेयर संजीव वालिया, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा आदि मौजूद रहे।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,334FansLike
5,410FollowersFollow
107,418SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय