Tuesday, May 21, 2024

मामूली कहासुनी के बाद खुन्नस में आई पड़ौसी महिला ने किया था मासूम अरसलान का कत्ल

मुज़फ्फर नगर लोकसभा सीट से आप किसे सांसद चुनना चाहते हैं |

मोरना। तेवड़ा में हुई मासूम अरसलान की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कातिल महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मृतक की माता के साथ हुई मामूली कहासुनी के बाद खुन्नस में आई महिला ने गला दबाकर हत्या करना स्वीकारा है। पुलिस ने महिला के खिलाफ अपहरण व हत्या का मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।

थाना ककरौली क्षेत्र के गाँव तेवड़ा में बीते शनिवार की सुबह शहजाद खान का पाँच वर्षीय पुत्र अरसलान गायब हो गया था। पुलिस अरसलान की तलाश में जुटी हुई थी कि बीते सोमवार को अरसलान का शव घर के पास स्थित तालाब किनारे प्लास्टिक के बन्द बोरे में मिला था, जिसके बाद गाँव में भारी रोष व्याप्त हो गया था। परिजनों व ग्रामीणों ने मासूम अरसलान की हत्या पर भारी रोष प्रकट करते हुए शीघ्र घटना के खुलासे की माँग थी।

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

शनिवार को थाना ककरौली पहुँचे पुलिस अधीक्षक देहात अतुल श्रीवास्तव ने घटना का अनावरण करते हुए बताया कि जिस प्लास्टिक के बोरे से बालक का शव बरामद हुआ था। उस बोरे का मुँह नेकर के एक भाग से बंधा हुआ था, जिसका दूसरा भाग आरोपी के घर बंधे कपड़े सुखाने वाले तार पर टँगा देखा गया। साथ ही पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपी के घर से सरसों की लकडिय़ों का भूसा भी वहां पड़े देखा। यही भूसा शव के पास मिला था। पुलिस सारे साक्ष्य इकठ्ठा करने में जुटी हुई थी।

साक्ष्य इकठ्ठा करने के बाद आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी, जिसमें आरोपी महिला ने बताया कि मृतक अरसलान की माता दानिस्ता से उसकी कई बार कहासुनी हो गई, जिसमें दानिस्ता ने उसे अपने घर से कई बार खदेड़ दिया था, जिससे अपने आपको अपमानित महसूस करते हुए खुन्नस में आरोपी महिला ने दानिस्ता के परिवार के खिलाफ कुछ बड़ा करने की ठान ली। शनिवार की सुबह अरसलान एक गेंद के साथ खेलता हुआ आरोपी के घर पहुंचा और वहां आरोपी की बेटी के साथ खेलने लगा।

आरोपी महिला ने अपनी बेटी को मोबाइल देकर अलग कर दिया व अरसलान को खींचकर अंदर कमरे में ले गयी व रस्सी से अरसलान के गले का फंदा बनाकर उसकी हत्या कर दी तथा शव को सरकारी राशन के साथ मिलने वाले प्लास्टिक के बोरे में बन्द कर उसका मुँह वहाँ पड़े नेकर के एक भाग से बांधकर सरसों के भूसे के साथ पास के तालाब किनारे डाल दिया। आरोपी के घर से मृतक अरसलान के चप्पल, टोपा, एक कपड़ा, सरसों का भूसा को पुलिस ने बरामद किया। एक सप्ताह के भीतर घटना का खुलासा करने वाले सीओ भोपा देवव्रत वाजपेई, थानाध्यक्ष सुनील कसाना सहित पुलिस टीम के कार्य की सराहना करते हुए एसएसपी संजीव सुमन ने ककरौली पुलिस टीम के लिये इनाम की घोषणा की है।

शैतान महिला की करतूत से थर्राई बस्ती- शातिर महिला द्वारा जिस प्रकार पडोस के ही मासूम अरसलान की निर्मम हत्या की गई। उससे सारी बस्ती तथा पडोसी हतप्रभ हैं। ग्रामीणों के अनुसार आरोपी महिला उद्दंड किस्म की महिला है जो अक्सर ग्रामीणों पर उल्टे सीधे अनावश्यक आरोप लगाती रहती थी। झगडालू व शातिर किस्म की महिला से मौहल्लेवाले भी दूरी बनाकर रखते थे। महिला को लेकर अब अनेक चर्चाएं सामने आ रही है।

नहीं पसीजा आरोपी महिला का दिल- महिला द्वारा अरसलान की हत्या को जिस प्रकार अंजाम दिया गया है। उससे रौंगटे खडे हो जाते हैं। कत्ल की वारदात को अंजाम देते समय महिला के न तो हाथ कांपा और न दिल पसीजा। क्रूरतापूर्वक घटना को अंजाम देते हुए एक महिला ने दूसरी महिला की ममता को हमेशा के लिए सुला दिया तथा एक मां को जीवन भर का दर्द दे दिया।
आरोपी महिला के पति को भी नहीं लगी भनक-घटना को अंजाम देते समय आरोपी महिला का पति भी घर में ही सो रहा था। पति देर रात दूसरे राज्य से आया था। थका हारा सो रहा था। उसको क्या पता कि पत्नी घर में ही एक बड़े जघन्य अपराध को अंजाम देने में जुटी हुई है। घटना को अंजाम देकर आरोपी महिला ने पति को इसकी भनक भी नहीं लगने नहीं दी।

बस्ती को ही फोकस किए हुए थी पुलिस- अरसलान के गुम होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले तो अरसलान का गली से बाहर न जाना जाहिर हुआ तथा दूसरी ओर तालाब था, जिससे पुलिस ने आसपास के दर्जनों घरों को फोकस कर लिया तथा घर-घर तलाशी अभियान चलाया। साथ ही गांव के सभी तालाबों पर निगाह बनाई गई व दीपावली की पूर्व संध्या को दृष्टिगत रखते हुए तंत्र मंत्र से जुडे सवालों को लेकर शमशान आदि पर भी पुलिस ने निगाह बना रखी थी। पुलिस की अलग अलग टीमें घटना से जुडे विभिन्न बिन्दुओं पर कार्य कर रही थी तथा गांव से मिल रही सूचनाओं व चर्चाओं को एकत्र किया जा रहा था।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,188FansLike
5,319FollowersFollow
50,181SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय