झांसी। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों को ताक पर रखकर शादी समारोह जैसे आयोजनों में लोग हर्ष फायरिंग करने से बाज नहीं आ रहे हैं। इसके चलते कई बड़ी घटनाएं घटित होती रहती हैं। देर रात सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में आईटीआई सिद्धेश्वर नगर स्थित एक विवाह घर के पास बारात में शामिल लोगों ने हर्ष फायरिंग कर दी।
घटना में एक व्यक्ति का हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया। छर्रे लगने से कई और लोग भी घायल हो गए। साथ ही एक महिला की दहशत के चलते अटैक आने से मौत होना भी बताया जा रहा है। मामले पर पर्दा डालने के लिए घायल व्यक्ति आतिशबाजी से हाथ में चोट लगने का कारण बता रहा है। जबकि मेडिकल प्रपत्रों में गोली लगने की चोट दर्शाई जा रही है। फिलहाल संज्ञान में आने के बाद पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।
सूत्रों के अनुसार सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के सिद्धेश्वर नगर आईटीआई के पास स्थित एक विवाह में देर रात दरवाजे पर जैसे ही बारात पहुंची। तभी बारात में शामिल व्यक्ति ने हर्ष फायरिंग कर दी। फायरिंग देख बारात में शामिल एक महिला दहशत में आ गई औ उसकी हार्ट अटैक आने से हालत बिगड़ गई। जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई।
वही बारात में शामिल जगन्नाथ प्रजापति के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गया तथा अन्य कई लोगों को भी छर्रे लग गए। इस घटना से बारात में अफरा तफरी का माहौल बन गया। आनन फानन घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। फिलहाल घटना को पूरी तरह से छुपाए जाने का प्रयास किया गया। यहां तक कि घायल व्यक्ति कुछ भी बोलने से इंकार करते हुए आतिशबाजी से चोट लगना बताता नजर आया। जबकि मेडिकल में भर्ती होते समय घायल की फाइल में गोली लगने की चोट दर्शाई गई है। पूरा मामला पुलिस के संज्ञान में आ गया है। पुलिस ने घटना का होना स्वीकार करते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
इस संबंध में सीटरी बाजार थाना प्रभारी संजय शुक्ला ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है जांच में जो भी निकल कर आएगा उसके अनुसार कार्यवाही की जाएगी।