जयपुर। आमेर थाना इलाके में आपसी विवाद के चलते पति-पत्नी ने एक-दूसरे पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। कमरा बंद कर लगाई आग में जिंदा जलने से पति की मौत हो गई और गंभीर झुलसी हालत में पत्नी को सवाई मानसिंह अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया। पुलिस मामले की जांच करने में जुटी है।
थानाधिकारी नंदलाल नेहरा ने बताया कि मृतक कालूराम मीणा (27) कुंडा चेक पोस्ट चौराहा का रहने वाला था। पत्नी संतोष मीणा (25) का बर्न वार्ड में उपचार जारी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक कालूराम पास ही स्थित पेट्रोल पंप पर नौकरी करता था।
दोनों की शादी दो साल पहले हुई थी। दंपती के छह महीने पहले ही एक बेटी हुई थी। उस समय संतोष अलवर निवासी बहन के पास थी। वह हाल ही में बेटी को बहन के पास छोड़कर पति कालूराम के पास आई थी।
जहां शुक्रवार रात कालूराम बोतल में पेट्रोल लेकर घर पहुंचा था। यहां पर दोनों ने कमरा बंद कर एक-दूसरे पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा ली। इसके बाद दोनों चिल्लाते हुए इधर-उधर भागे तो परिजनों को पता चल गया।
दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर डॉक्टरों ने शनिवार को कालूराम को मृत घोषित कर दिया। पत्नी संतोष के बयान होने के बाद ही इस मामले का खुलासा हो पाएगा।
पुलिस प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद मान रही है। फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ करने में जुटी है।