Saturday, July 27, 2024

शुक्रतीर्थ से नड्डा और योगी आज करेंगे ग्राम परिक्रमा यात्रा का शुभारंभ, ग्रामीणों से करेंगे संवाद

मोरना। सोमवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रसाद नड्डा शुकतीर्थ में किसान मोर्चा द्वारा आयोजित ग्राम परिक्रमा यात्रा का शुभारम्भ करेंगे। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देश के प्रत्येक जनपद पर किसान देख सकेंगे। रविवार को कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।

जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह, मुख्य विकास अधिकारी संदीप भागिया सहित उच्चाधिकारियों ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। वहीं भाजपा नेताओं ने भी कार्यक्रम को लेकर विचार विमर्श किया।

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

शुकतीर्थ में पहुंचे सांसद और किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने बताया कि यह किसान मोर्चा का बडा आयोजन है। बीते दस वर्षों में केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा किसानों के हितों के लिए जो कार्य किये गये हैं, उन्हें बताया जाएगा। साथ ही किसानों से सुझाव प्राप्त कर आगामी लोकसभा चुनाव के लिए संकल्प पत्र में शामिल करने का विचार है। कार्यक्रम का देश के प्रत्येक जिले में सीधा प्रसारण किसान देखेंगे।

किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह ने बताया कि किसान मोर्चा द्वारा सम्पूर्ण देश में ग्राम परिक्रमा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के बाद एक माह तक किसान मोर्चा के कार्यकर्ता देश के दो लाख गांव में जाकर किसानों से संवाद करेंगे तथा गांव की परिक्रमा करेंगे। किसानों को सरकार द्वारा चलाई गयी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी व किसानों व नागरिकों से मिलकर सुझाव लिये जाएंगे। जनता के यह सुझाव केन्द्रीय कार्यालय को भेजे जाएंगे। आगामी लोकसभा चुनाव में पडने वाले मतों का 70  प्रतिशत भाजपा प्रत्याशी को प्राप्त हो। इस लक्ष्य को लेकर यह अभियान चलाया जाएगा।

हर वर्ष आएं गांव में मुख्यमंत्री-गांव फिरोजपुर बांगर में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर त्यौहार जैसा माहौल बना हुआ है। गांव के सबसे वरिष्ठ किसान चौ. वीरपाल सिंह बालियान, राजकुमार, वीरेंद्र, परविंदर, योगेश, मेघिन्द्र, जोगेन्द्र, संदीप, अर्जुन, सत्येंद्र, बालेन्द्र, ओमपाल आदि ने बताया कि मुख्यमंत्री के गांव में आने से गांव की साफ सफाई व ग्रामीणों की समस्या का समाधान करने के लिए अधिकारी गांव में डेरा डाले हुए हैं। गांव में विशेष अभियान चलाकर भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी दी जा रही है।
गांव की सड़कों को रातों-रात चमका दिया गया है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के गांव में आने के लिए धन्यवाद दिया है तथा प्रत्येक वर्ष गांव में आने की मांग की है।

जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी ने बताया कि तीन कार्यक्रम हैं। सभा स्थल पर चयनित लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ वितरित किया जाएगा। सभा के समापन के उपरांत फिरोजपुर बांगर में किसान संवाद कार्यक्रम होगा तथा अंत में शुकदेव आश्रम का कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसके उपरांत मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय अध्यक्ष वापिस हैलीपैड पर पहुंचेंगे। सुरक्षा को लेकर क्षेत्र में 9 सैक्टर अधिकारी तैनात रहेंगे। पूर्ण व्यवस्था कर ली गयी है।

मुख्यमंत्री का कार्यक्रम-सोमवार दोपहर 12:10  बजे मुख्यमंत्री का हैलीकॉप्टर हैलीपैड पर उतरेगा, जहां मुख्यमंत्री लगभग 30  मिनट तक क्षेत्रीय नेताओं से बातचीत करेंगे, जिसके उपरान्त राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा का स्वागत कर 12:50  बजे मोरना मार्ग पर स्थित सभा स्थल पर पहुंचेगे तथा लगभग 3 बजे सभा के बाद वह फिरोजपुर में किसानों से संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री फिरोजपुर तिराहे पर कार से उतरकर पैदल प्रमोद बालियान के आवास तक ग्रामीणों का अभिवादन स्वीकारते हुए गुजरेंगे। लगभग आधे घंटे के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय अध्यक्ष शुकदेव आश्रम में पहुंचेगे, जहां वह लगभग आधा घंटा रहेंगे। लगभग चार बजे दोनों गणमान्य वापस हैलीपैड पहुंचेगे।

भाजपाईयों ने बनाई कार्यक्रम की रूपरेखा-कार्यक्रम के संयोजक किसान मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री अमित राठी के आवास पर रविवार को भाजपा नेताओं ने कार्यक्रम की रूपरेखा बनाई। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर, प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह, केन्द्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, राजू अहलावत, अमित राठी, चौ. ब्रजवीर सिंह, घनश्याम सिंह पटेल, रेणू अग्रवाल, डॉ. वीरपाल सहरावत, पं. विनोद शर्मा, प्रदीप निर्वाल आदि उपस्थित रहे।

यातायात की रहेगी विशेष व्यवस्था-मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन कोई कसर बाकी नहीं रखना चाहता। मोरना से लेकर शुकतीर्थ तक यातायात की मजबूत व्यवस्था बनाई गयी है। पार्किंग के लिए बसों, कार व बाईकों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। सभा स्थल से लगभग 300  मीटर पहले सभी वाहनों का प्रवेश वर्जित कर दिया जाएगा। सुबह से तीर्थनगरी शुकतीर्थ व फिरोजपुर गांव को लगभग सील कर दिया जाएगा।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,098FansLike
5,355FollowersFollow
83,303SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय