नई दिल्ली। भारत और तंजानिया ने रक्षा क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण द्विपक्षीय चर्चा की है। इस दौरान दोनो देशों ने आर्थिक और राजनीतिक स्थिरता के लिए हिंद महासागर क्षेत्र की शांति और सुरक्षा के महत्व पर बातचीत की। भारत के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने तंजानिया की रक्षा मंत्री के साथ यह अहम मुलाकात की है। गौरतलब है कि यह बातचीत ऐसे समय पर हुई है जब पहली बार भारतीय नौसेना, अफ्रीका के दस देशों के साथ ‘एइकीमी’ नामक साझा नौसैनिक समुद्री अभ्यास कर रही है। तंजानिया में आयोजित यह नौसेनिक अभ्यास रणनीतिक तौर पर बेहद अहम है। यही कारण है कि भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी भी तंजानिया में मौजूद है। भारत के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने तंजानिया के रक्षा मंत्री के साथ तंजानिया में यह मुलाकात की। इसकी जानकारी देते हुए रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा, “आज तंजानिया के उपंगा मुख्यालय में तंजानिया की रक्षा मंत्री डॉ. स्टर्गोमेना लॉरेंस टैक्स से मुलाकात हुई। इस दौरान हमने रक्षा और सुरक्षा में बढ़ते द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की। दार एस सलाम में बहुपक्षीय समुद्री अभ्यास ‘एइकीमी’ की सफलता और इसके सकारात्मक प्रतिफल पर विस्तृत बातचीत हुई।
“रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि भारत और तंजानिया आपसी रक्षा सहयोग को भविष्य में और आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। दोनों देशों का उद्देश्य आपसी संबंधों को मजबूत करना है। इसके लिए नए रास्ते तलाशने और आर्थिक और राजनीतिक स्थिरता के लिए हिंद महासागर क्षेत्र की शांति और सुरक्षा के महत्व पर भी बातचीत हुई। रक्षा राज्य मंत्री तंजानिया के दार एस सलाम में एइकीमी के उद्घाटन समारोह में शामिल भी हुए थे। उन्होने बताया कि इस अभ्यास में समुद्री प्रगति और सुरक्षा के लिए तय किए गए मार्ग पर 10 समान विचारधारा वाले देश एक साथ आए हैं। इसमें भारत, कोमोरोस, जिबूती, केन्या, मेडागास्कर, मॉरीशस, मोजाम्बिक, सेशेल्स और दक्षिण अफ्रीका शामिल है। रक्षा राज्य मंत्री का कहना है कि तंजानिया के रक्षा मंत्री के साथ हुई बैठक में भारत के नौसेना प्रमुख एडमिरल डीके त्रिपाठी भी शामिल रहे। तंजानिया में भारत के उच्चायुक्त बिश्वदीप डे, रक्षा मंत्रालय के संयुक्त सचिव (डीपीआई) अमित शतीजा और रियर एडमिरल निर्भय बापना भी इस महत्वपूर्ण बैठक में उपस्थित रहे। भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी 16 अप्रैल तक तंजानिया की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और तंजानिया के बीच समुद्री सहयोग और रणनीतिक संबंधों को मजबूत करना है।
यह हिंद महासागर क्षेत्र में रक्षा साझेदारी को बढ़ाने के लिए भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। तंजानिया के आधिकारिक दौरे पर आए एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी का यहां गार्ड ऑफ ऑनर के साथ औपचारिक स्वागत किया गया। नौसेना प्रमुख ने तंजानिया की रक्षा मंत्री के अलावा तंजानिया पीपुल्स डिफेंस फोर्सेज के प्रमुख जनरल जैकब जॉन से भी मुलाकात की है। नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने तंजानिया की राजधानी दार-एस-सलाम में भारतीय युद्धपोत आईएनएस चेन्नई पर डेक एक रिसेप्शन का भी आयोजन किया। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, तंजानिया के जनरल जैकब जॉन मकुंडा, तंजानिया में भारत के उच्चायुक्त बिश्वदीप डे इस कार्यक्रम में शामिल हुए। यह रिसेप्शन सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने, भारत-अफ्रीका मैत्री को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से था।