अयोध्या । डबल इंजन की सरकार अयोध्या की एयर कनेक्टिविटी देश के कोने-कोने से कर रही है। इसी क्रम में सोमवार को हरियाणा के हिसार से अयोध्या के लिए पहली उड़ान शुरू हुई, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह नई हवाई सेवा न केवल दो शहरों को जोड़ेगी, बल्कि अयोध्या के तीर्थाटन और पर्यटन को भी बढ़ावा देगी। डबल इंजन की सरकार जो केंद्र और राज्य में एक समान नेतृत्व के साथ विकास को गति दे रही है। उसने इस पहल के माध्यम से एक बार फिर अपनी प्रतिबद्धता को साबित किया है।
हिसार एयरपोर्ट से शुरू हुई उड़ान
यह उड़ान सोमवार को दोपहर 12:35 बजे अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंची। अयोध्या में विमान के आगमन पर इसका वाटर कैनन सैल्यूट के साथ स्वागत किया गया। इसके बाद हवाई अड्डे पर मौजूद यात्रियों का स्वागत डायरेक्टर विनोद कुमार ने बड़े उत्साह के साथ किया। यात्रियों के लिए एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें केक काटने की रस्म शामिल थी। इसके साथ ही सभी यात्रियों को गुलाब का फूल उपहार के रूप में भेंट किया गया। माथे पर तिलक लगाया गया। इसके बाद यात्रियों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए। इस तरह के स्वागत ने यात्रियों के लिए इस यात्रा को और भी यादगार बना दिया। डायरेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि यह उड़ान सप्ताह में दो दिन संचालित होगी शुक्रवार और रविवार को।
एक घंटे 45 मिनट का लगेगा समय
हिसार से अयोध्या के लिए विमान दोपहर 12:35 बजे लैंड करेगा और इसके बाद 1:00 बजे हिसार के लिए उड़ान भरेगा। इस यात्रा में कुल एक घंटे 45 मिनट का समय लगेगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि यह एक एटीआर 72 सीटर विमान है, जिसमें 72 यात्रियों के बैठने की क्षमता है। पहली उड़ान में 61 यात्री अयोध्या आए, जबकि 42 यात्री हिसार के लिए रवाना हुए। यह आंकड़ा इस नई सेवा की शुरुआती लोकप्रियता को दर्शाता है। यह नई हवाई सेवा अयोध्या को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। खास तौर पर, धार्मिक पर्यटन के दृष्टिकोण से अयोध्या का महत्व लगातार बढ़ रहा है।