बलिया। मुम्बई में रह रही पत्नी अपने पति की हरकतों से तंग थी। उसने पांच दिन पहले भाड़े के हत्यारों द्वारा अपने पति की गला रेत कर हत्या करा दी थी। पुलिस ने मृतक की पत्नी व हत्या में शामिल दो लोगों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।
भीमपुरा थाना अन्तर्गत भीमपुरा नं एक में छह जून की रात विनोद सिंह की चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
एसपी देवरंजन वर्मा ने घटना के खुलासे के लिए स्वाट टीम व भीमपुरा पुलिस को टास्क दिया। पुलिस टीम साक्ष्यों के आधार पर हत्यारों तक पहुंच गई। जिसके बाद यह तथ्य सामने आया कि विनोद सिंह की हत्या उनकी पत्नी ने ही कराई है।
पुलिस अधीक्षक देव रंजन वर्मा ने मंगलवार को विनोद सिंह की हत्या पर से पर्दा उठाते हुए बताया कि विनोद की अय्याशियों से तंग आकर उसकी पत्नी अनिता सिंह अपने बेटे के साथ मुम्बई रहने लगी थी। विनोद के कई महिलाओं से अवैध संबंध थे। इसके अलावा वह अपनीं प्रॉपर्टी बेचकर अय्याशी में खर्च कर रहा था। यह सब देख अनिता ने उसे ठिकाने लगाने का प्लान तैयार किया। इसके लिए उसने मुंबई में ही रहने वाले प्रतापगढ़ निवासी सुनील सिंह से संर्पक किया। दो लाख में विनोद की हत्या का प्लान बनाया। एक लाख ऑनलाइन ट्रांसफर किया, जबकि एक लाख कैश के रूप में दिया। इसके बाद प्लानिंग के तहत हत्यारों ने विनोद के किराएदार जयप्रकाश यादव से संर्पक किया। जयप्रकाश ने ही विनोद के घर की रेकी कराई थी। इसके बाद सुनील ने सन्नी चौहान और अजय चौहान के साथ मिलकर विनोद की उसके घर में ही गला रेतकर हत्या कर दी।
एसपी ने बताया कि घटना को चुनौती के रूप में लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अनिल कुमार झा व क्षेत्राधिकारी रसड़ा मो फहीम कुरैशी के नेतृत्व में सर्विलांस प्रभारी विश्वनाथ यादव, एसओजी प्रभारी अजय यादव व भीमपुरा थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने काफी प्रयास किया।
मंगलवार तड़के बाहरपुर पुलिया पर बैठे सुनील सिंह पुत्र जनार्दन सिंह निवासी सुरूआं मिसिरपुर थाना फत्तनपुर जिला प्रतापगढ़ को गिरफ्तार किया गया। जबकि सन्नी व अजय अंधेरे का फायदा उठा कर फरार हो गये। गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया।
गिरफ्तार सुनील सिंह के बयान के आधार पर घटना में शामिल जयप्रकाश यादव पुत्र स्व बलिराज यादव निवासी कल्यानपुर चरौंवा थाना भीमपुरा व अनिता सिंह पत्नी विनोद सिंह निवासी को उनके घर पर दबिश देकर गिरफ्तार किया गया।