Monday, April 21, 2025

झुर्रियों व झाइयों से छुटकारा – कुछ घरेलू उपाय

रेशम-सी मुलायम व गुलाब जैसी दमकती त्वचा की चाह हर स्त्री को होती है लेकिन वंशानुगत गुण, उचित देखभाल का अभाव, दुर्बलता, प्रदूषित वातावरण, हारमोंस की गड़बड़ी, मानसिक तनाव वगैरह से रंग बदरंग और कांतिहीन होने लगता है। कई बार इसमें झाईयां व झुर्रियां पडऩे लगती हैं जिससे परेशान होकर किशोरियां व युवतियां कीमती बाजारू क्रीम लोशन आजमाने हेतु लालायित हो उठती हैं।

निम्न मध्यमवर्गीय परिवार की लड़कियां तो ऐसी हालात में मन मसोस कर रह जाती हैं जबकि घरेलू उपायों द्वारा भी विकारयुक्त चेहरे की त्वचा को नया निखार दिया जा सकता है जिनके नियमित इस्तेमाल से  झाइयों, मुहांसों, झुर्रियों व दाग धब्बों से छुटकारा पाया जा सकता है।

तुलसी के पत्तों का रस व नींबू का रस बराबर मात्र में मिलाकर चेहरे पर लगायें। इससे झाइयां व मुंहासे दूर हो जाते हैं।
रोज पुदीने की पत्तियां पीस कर उसका रस चेहरे पर लगायें। थोड़ी देर बाद धो लें। इससे चेहरे की झाइयां धीरे-धीरे मिटने लगेंगी।

कच्चे नारियल का पानी व जरा सी मलाई को मिलाकर फेंट लें। इसे रोज दो बार चेहरे पर लगाने से दाग धब्बे दूर होकर त्वचा दमकने लगती है।

एक छोटा चम्मच ककड़ी का रस रोज चेहरे पर लगायें। इससे चेहरे की त्वचा निखरती है।

रोजाना एक छोटा लाल टमाटर काट लें। इसमें नींबू की कुछ बूंदें मिलाकर चेहरे पर मलें। 10 मिनट बाद चेहरा धो लें। कुछ ही दिन में त्वचा दागरहित हो जायेगी।

रूखी त्वचा में झुर्रियां जल्दी पड़ जाती हैं, जिससे चेहरा निस्तेज व सांवला लगने लगता है। इससे बचने हेतु रात्रि में मलाई व नींबू का रस लगाकर सो जायें। सुबह गुनगुने पानी से चेहरा धो लें।

यह भी पढ़ें :  पोषक तत्वों से भरपूर हरी मिर्च, भोजन का बढ़ाए स्वाद तो स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद

समान मात्र में पुदीने का रस व गुलाबजल का लेप करने से कुछ ही दिन में चेहरे का रंग साफ होने लगता है।

जायफल को दूध में पीसकर 15 मिनट तक चेहरे पर लगायें। इससे चेहरे के दाग धब्बे दूर हो जायेंगे।

रोजाना पुदीने का रस व आलू का रस मिलाकर लगाने से भी झाइयां दूर हो जाती हैं।

संतरे के छिलकों को मलाई में मिलाकर चेहरे पर लगायें। इससे रूखी त्वचा वाला चेहरा कांतियुक्त हो जाता है।

झुर्रियों से छुटकारा पाने हेतु कच्चे आलू को पीसकर उसमें ग्लिसरीन, सिरका व गुलाबजल मिलाकर पेस्ट बनाएं। इसे चेहरे पर लगाएं व सूख जाने पर ताजे पानी से धो लें।

शहद में नींबू का रस मिलाकर लगाने से भी झुर्रियों से छुटकारा पाया जा सकता है।

एक चम्मच मलाई में तीन-चार रसभरी मसलकर मिला लें। फिर इसे चेहरे पर मलें व लगभग 15 से 20 मिनट बाद धो लें।

– पूर्णिमा मित्रा

- Advertisement -

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

Related Articles

STAY CONNECTED

76,719FansLike
5,532FollowersFollow
150,089SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय