Sunday, May 18, 2025

सपा विधायक एसपी यादव का निधन, योगी-अखिलेश ने जताया शोक

बलरामपुर- समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री डा शिव प्रताप यादव का शुक्रवार को हृदयघात से निधन हो गया। वह करीब 74 वर्ष के थे।

परिजनो के अनुसार गुड़गांव के मेदांता हॉस्पिटल में आज सुबह लगभग सवा आठ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। डा यादव बलरामपुर जिले के गैसडी में सपा विधायक थे। श्री यादव के निधन पर विभिन्न राजनैतिक दलों के नेताओं नें शोक व्यक्त किया है।

सपा नेता सूरज सिंह ने बताया कि एसपी यादव ने गोरखपुर यूनिवर्सिटी से स्नातक की पढ़ाई की, फिर गृह जिले बलरामपुर स्थित एमएलके पीजी कॉलेज में प्रवक्ता व बायोलॉजी के प्रोफेसर के रूप में सेवायें दी। डा.यादव ने लोकदल से राजनीतिक सफर शुरू किया। फिर समाजवादी पार्टी के संस्थापक मंडल में शामिल होकर पार्टी को शिखर तक सपा संंस्थापक मुलायम सिंह यादव के कंधे से कंधा मिलाकर पहुंचाया। श्री यादव 1993 के विधानसभा चुनाव में पार्टी का परचम लहराया और लखनऊ विधानसभा पहुंचे। इसके बाद वर्ष 2002 के चुनाव में पुनः जीत दर्ज कराकर जब वे दूसरी बार विधायक बने तो पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह नें उन्हें मंत्री पद का तोहफा देकर कृषि राज्यमंत्री बना दिया।

श्री यादव का राजनीतिक सफर उनकी कार्यशैली कुशलता और सरलता के कारण सुगम होता गया और गैसडी की जनता ने तीसरी बार 2012 में चुना। फिर अखिलेश यादव की सरकार में वे जन्तु व उद्यान मंत्री बनाये गये। डा.यादव नें देवीपाटन मंडल में ऐतिहासिक जीत 2022 में जीत दर्ज कराकर भाजपा को मात दी और चौथी बार विधायक बन गये। उन्होंने बताया कि एसपी यादव का पार्थिव शरीर गैसडी स्थित उनके पैतृक आवास पर लाया जा रहा है। उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिये सभी राजनैतिक दलों के नेताओं समाजसेवियों व अन्य आमजन का तांता लगा हुआ है। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को पैतृक गांव के समीप किया जायेगा।

बलरामपुर जिले में गैसड़ी विधानसभा से सपा के विधायक शिव प्रताप यादव के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सीएम योगी ने अपने शोक संदेश में लिखा, “ उत्तर प्रदेश के गैंसड़ी विधान सभा क्षेत्र के विधायक डॉ. शिव प्रताप यादव जी का निधन अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।”

समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक डा शिव प्रताप यादव के निधन पर पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शोक व्यक्त किया है। बलरामपुर जिले के गैसड़ी विधानसभा से विधायक डॉ शिव प्रताप का 73 वर्ष की आयु में दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया था। सपा अध्यक्ष ने डा यादव के निधन पर गहरा शोक जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

- Advertisement -

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

Related Articles

STAY CONNECTED

87,026FansLike
5,553FollowersFollow
153,919SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय