Wednesday, June 26, 2024

बीजेपी के दिग्गज नेता सुशील मोदी का निधन, पीएम समेत सभी नेताओं ने जताया दुःख

नयी दिल्ली/पटना- बीजेपी के दिग्गज नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी का निधन हो गया है. सुशील मोदी काफी समय से बीमार चल रहे थे. हाल ही में सुशील मोदी ने कैंसर की पुष्टि की थी. उनका इलाज लगातार चल रहा था. लेकिन सोमवार (13 मई) को उन्होंने अंतिम सांस ली.

बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सुशील मोदी के निधन की जानकारी दी. उन्होंने पोस्ट में दुख जताते हुए लिखा, बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री व पूर्व राज्यसभा सांसद श्री सुशील कुमार मोदी जी के निधन पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि. यह बिहार भाजपा के लिए अपूरणीय क्षति है.

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

सुशील मोदी बिहार के दिग्गज नेताओं में से एक थे. सुशील मोदी 1990 में सक्रिय राजनीति में शामिल हुए थे. 1990 में ही वह पटना केंद्रीय विधानसभा से चुनाव लड़े थे. इसी सील वह बीजेपी बिहार विधानसभा दल के मुख्य सचेतक बनाए गए थे. 1996 से 2004 तक वह राज्य विधासनभआ में विपक्ष के नेता रहे थे. पटना हाईकोर्ट में सुशील मोदी ने लालू यादव के खिलाफ जनहित याचिका दायर की थी, जिसके बाद चारा घोटाले के रूप में इसे इस मामले को जाना जाने लगा था. साल 2004 में भागलपुर संसदीय क्षेत्र से वह लोकसभा सदस्य बने.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और कई दिग्गज नेताओं ने बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के निधन पर शोक जताया।
श्री मोदी ने कहा है कि पार्टी में अपने मूल्यवान सहयोगी और दशकों से मेरे मित्र रहे सुशील मोदी जी के असामयिक निधन से अत्यंत दुख हुआ है। बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है। आपातकाल का पुरजोर विरोध करते हुए, उन्होंने छात्र राजनीति से अपनी एक अलग पहचान बनाई थी।

प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, “सुशील मोदी बेहद मेहनती और मिलनसार विधायक के रूप में जाने जाते थे। राजनीति से जुड़े विषयों को लेकर उनकी समझ बहुत गहरी थी। उन्होंने एक प्रशासक के तौर पर भी काफी सराहनीय कार्य किए। जीएसटी पारित होने में उनकी सक्रिय भूमिका हमेशा याद किया जाएगा। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति।”

श्री नड्डा ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने शोक संदेश में कहा, “भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री सुशील मोदी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। विद्यार्थी परिषद से लेकर अभी तक हमने साथ में संगठन के लिए लंबे समय तक काम किया। सुशील मोदी जी का पूरा जीवन बिहार के लिये समर्पित रहा। बिहार को जंगलराज से बाहर निकालकर विकास के पथ पर लाने में सुशील मोदी जी का प्रयास बहुत मददगार रहा है। उनका ना होना असंख्य कार्यकताओं के लिए एक अपूरणीय क्षति है।”
श्री नड्डा ने प्रार्थना की, “प्रभु दिवंगत आत्मा को शांति और परिजनों को सम्बल प्रदान करें। ॐ शान्ति!”
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शोक संदेश में लिखा, “हमारे वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी जी के निधन की सूचना से आहत हूँ। आज बिहार ने राजनीति के एक महान पुरोधा को हमेशा के लिए खो दिया। अभाविप से भाजपा तक सुशील जी ने संगठन व सरकार में कई महत्त्वपूर्ण पदों को सुशोभित किया। उनकी राजनीति गरीबों व पिछड़ों के हितों के लिए समर्पित रही। उनके निधन से बिहार की राजनीति में जो शून्यता उभरी है, उसे लंबे समय तक भरा नहीं जा सकता। दुःख की इस घड़ी में पूरी भाजपा उनके शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शोक संदेश में कहा, “बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता, श्री सुशील कुमार मोदी के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। उनका लम्बा सार्वजनिक जीवन जनता-जनार्दन की सेवा और गरीब कल्याण के प्रति समर्पित था। श्री मोदी ने बिहार में पार्टी को मज़बूत और लोकप्रिय बनाने के लिए काफ़ी परिश्रम किया। बिहार के विकास के लिए किए गए उनके कार्य हमेशा याद रखे जाएंगे। ईश्वर उनके शोक संतप्त परिवार को दुःख की इस घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करे. ओम शान्ति।”
बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखा, “हमारे परिवार के वरिष्ठ सदस्य सुशील मोदी जी का निधन हो गया है। यह हम सभी के लिए किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। बिहार भाजपा और बिहार को आगे बढ़ाने में उनके योगदान को भाजपा और बिहार कभी नहीं भूलेगा। इस कठिन समय में उनके परिवारऔर उनको चाहने वालों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएँ। ॐ शांति।”
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा कि सुशील कुमार मोदी जेपी आंदोलन के सच्चे सिपाही थे। उपमुख्यमंत्री के तौर पर भी उन्होंने हमारे साथ काफी वक्त तक काम किया। मेरा उनके साथ व्यक्तिगत संबंध था और उनके निधन से मैं मर्माहत हूं। मैनें आज सच्चा दोस्त और कर्मठ राजनेता खो दिया है। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। श्री कुमार ने ईश्वर से कामना की है कि सुशील कुमार मोदी के परिजनों, समर्थकों और प्रशंसकों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करें।”
राजद सुप्रीमो ने सुशील मोदी के निधन पर दुख जताया और कहा कि वो एक जुझारू राजनीतिक व्यक्ति थे। श्री यादव ने एक्स पर लिखा, “पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ के समय यानि विगत 51-52 वर्षों से हमारे मित्र भाई सुशील मोदी के निधन का अति दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। वे एक जुझारू, समर्पित सामाजिक राजनीतिक व्यक्ति थे। ईश्वर दिवगंत आत्मा को चिरशांति तथा परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।”
श्री सुशील मोदी ने आज रात राष्ट्रीय राजधानी के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में अंतिम सांस ली। वह 72 वर्ष के थे। श्री मोदी गले के कैंसर के असाध्य रोग से जूझ रहे थे।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,188FansLike
5,329FollowersFollow
60,365SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय