नोएडा। अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल से दर्शन कर नोएडा वापस आ रही चार महिलाओं की कार में एक अज्ञात कार चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सेक्टर-वन स्थित इंडियन ऑयल के पास टक्कर मार दिया। इस घटना में कार तीन बार पलट गई, तथा कार में सवार चार बुजुर्ग महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें उपचार के लिए नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इसके अलावा अन्य जगहों पर हुए सड़क हादसों में भी 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है।
थाना फेस-वन के प्रभारी निरीक्षक अमित भड़ाना ने बताया कि नोएडा के सेक्टर-55 में रहने वाली सुजाता पूरी उम्र 63 वर्ष, नीलम कक्कड़ उम्र 59 वर्ष, सुनीता रावल उम्र 60 वर्ष और उर्मिला गुप्ता उम्र 51 वर्ष एक साथ अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल दर्शन करने गई थी। वहां से दर्शन करके ये लोग वापस आए तथा नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से एक कैब बुक करके नोएडा के सेक्टर-55 स्थित अपने घर जा रहे थे।
अयोध्या में सुहागरात पर दर्दनाक हादसा, कमरे में मिली दूल्हा-दुल्हन की लाश
इसी बीच रविवार की रात 12 बजे के करीब इंडियन ऑयल गोल चक्कर के पास एक अज्ञात वाहन चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी कैब में टक्कर मार दिया। इस घटना में कैब तीन बार पलट गई। आसपास के लोगों ने कैब के अंदर फंसी चारों महिलाओं को बाहर निकाल कर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती करवाया। उन्होंने बताया कि इस घटना में चारों महिलाओं को गंभीर चोट आई है। उनका उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना दादरी के प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि रामवीर सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह गाजियाबाद से अपने घर जा रहे थे, तभी सीएनजी पंप के पास एक अज्ञात वाहन चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दिया।
थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार चाहर ने बताया कि प्रिंस गुप्ता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह नोएडा के सेक्टर-22 में रहते हैं। पीड़ित के अनुसार वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे, तभी खेड़ी भनौता गांव के पास एक कार चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए टक्कर मार दिया। पीड़ित के अनुसार इस घटना में उसे गंभीर चोट आई है।
थाना सेक्टर-24 के प्रभारी निरीक्षक श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि हरिपंत ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी वैगनर कार का चालक गौरव ओला कैब बुक करके सेक्टर-33 से सेक्टर-62 जा रहा था। कार में 2 सवारी बैठी थी। एनटीपीसी फ्लाईओवर के पास एक कार चालक ने विपरीत दिशा से कार चलाते हुए ओला कैब में टक्कर मार दी। इस घटना में कार में बैठी दोनों सवारियों को गंभीर चोट आई है। उन्हें उपचार के लिए फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।