Saturday, September 28, 2024

सहारनपुर में फांसी के फंदे पर लटका मिला महिला का शव,दो माह पहले ही हुई थी शादी

सहारनपुर। एक नवविवाहित महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। महिला की दो महीने पहले ही शादी हुई थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार सहारनपुर जनपद के मोहल्ला गोपालनगर स्थित मकान में नवविवाहित महिला फांसी के फंदे पर लटकी मिली, जबकि पति और ससुराल पक्ष के लोग फरार हो गए।
लुधियाना से मायके पक्ष के लोग यहां पहुंच गए है। जिन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं, नगर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिता की तहरीर पर पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। जनपद लुधियाना के थाना डाबा क्षेत्र के मोहल्ला शिमलापुरी निवासी नवविवाहिता के पिता राजकुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
राजकुमार ने बताया कि दो माह पूर्व उसने अपनी पुत्री खुशी (22) की शादी गोपालनगर निवासी शानू पुत्र जगदीश के साथ की थी। आरोप है कि शादी में उसने दहेज का काफी सामान दिया था, लेकिन इसके बाद भी पति शानू और पुत्री की सास व ससुर अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए उसे परेशान करते थे। खुशी के साथ मारपीट भी की गई। कई बार रिश्तेदारों ने मामले में समझौता कराया। जालंधर निवासी खुशी की बहन प्रिया को मोहल्ले के लोगों ने फोन पर जानकारी दी कि खुशी की मौत हो गई, जिसके बाद लुधियाना से मायके पक्ष के लोग सहारनपुर पहुंच गए। घर से पति शानू, उसका पिता जगदीश और मां सरोज फरार मिले। घर में खुशी का शव फांसी पर लटका हुआ था।
राजकुमार की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।राजकुमार का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने पहले उसकी पुत्री का गला दबाकर हत्या की और फिर शव को फंदे पर लटका दिया। ताकि हत्या को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी घर से फरार हैं।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,306FansLike
5,445FollowersFollow
115,034SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय