Sunday, September 8, 2024

उपचुनाव 2024: उत्तराखंड में खाली रह गए धामी के हाथ, बद्रीनाथ, मंगलौर दोनों सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत

चमोली/देहरादून। उत्तराखंड में रिक्त हुए दो विधानसभा क्षेत्रों में 10 जुलाई को हुए उपचुनाव के परिणाम शनिवार को आ गए। दोनों सीटों पर प्रमुख विपक्षी कांग्रेस ने राज्य में सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को करारी शिकस्त दी। बदरीनाथ से लखपत बुटोला ने 5,224 मतों से जबकि मंगलौर से काज़ी निजामुद्दीन 449 मतों से जीते हैं।

चमोली जिले की बदरीनाथ सीट पर कांग्रेस पार्टी के लखपत सिंह बुटोला ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के राजेंद्र सिंह भंडारी को पराजित किया है। सुबह आठ बजे मतगणना शुरू होने के बाद से ही बुटोला लगातार भंडारी से आगे चल रहे थे। जैसे जैसे उनका वोट अंतर बढ़ा, वैसे ही वैसे कांग्रेस समर्थकों ने पूरे बदरीनाथ क्षेत्र में जश्न मनाना शुरू कर दिया। जमकर मिठाइयां बांटी गईं और अबीर, गुलाल उड़ाया गया।

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

उल्लेखनीय है कि भाजपा प्रत्याशी भंडारी ने वर्ष 2022 में हुए आम चुनाव में कांग्रेस पार्टी के टिकट पर जीत दर्ज की थी। लोकसभा चुनाव से पहले वह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। इस कारण यह सीट रिक्त होने पर 10 जुलाई को उपचुनाव के लिए मतदान हुआ। भाजपा ने भंडारी पर भरोसा व्यक्त करते हुए उन्हें ही प्रत्याशी बनाया। पौड़ी संसदीय क्षेत्र में आने वाली इस सीट पर हाल में हुए चुनाव में भी भाजपा प्रत्याशी को बढ़त हासिल हुई। परन्तु उपचुनाव में हार का सामना करना पड़ा है।

बदरीनाथ सीट पर कुल चार उम्मीदवार मैदान में थे। इसमें कांग्रेस के लखपत सिंह बुटोला को सबसे अधिक 28,161 वोट मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार राजेंद्र सिंह भंडारी को 22,937 वोट मिले। तीसरे स्थान पर निर्दलीय प्रत्याशी नवल किशोर खाली को 1813 और सैनिक समाज पार्टी के उम्मीदवार हिम्मत सिंह नेगी को सबसे कम 494 वोट मिले। इसके साथ ही, उप चुनाव में 823 लोगों ने नोटा को चुना।

निर्वाचन आयोग के सामान्य प्रेक्षक अनीता रामाचन्द्रन, जिला निर्वाचन अधिकारी हिमांशु खुराना, पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार और रिटर्निंग ऑफिसर आरके पांडेय की देखरेख में मतगणना का कार्य शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।

मतगणना निर्धारित समय पर सुबह 8ः00 बजे शुरू हुई। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गणना की गई। इसके बाद 8ः30 बजे से ईवीएम में पड़े मतों की गणना शुरू हुई। बद्रीनाथ सीट की मतगणना 15 राउंड में पूरी हुई। सभी राउंड की गणना पूरी होने के बाद आयोग के निर्देशानुसार एजेंटों की उपस्थिति में विधानसभा के पांच मतदेय स्थलों की वीवीपैट पर्चियों का मिलान भी किया गया।

 

रिटर्निंग ऑफिसर आरके पांडेय ने उप चुनाव में विजेता रहे कांग्रेस उम्मीदवार लखपत सिंह बुटोला को प्रमाण पत्र दिया। इस दौरान अपर जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक प्रकाश सहित सभी नोडल अधिकारी मौजूद थे।

वहीं हरिद्वार जिले की मंगलौर सीट से कांग्रेस के काजी निजामुद्दीन ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के करतार सिंह भड़ाना को 449 मतों से पराजित किया है। दस चरण की मतगणना में कांग्रेस के काजी निजामुद्दीन को 31,710 वोट मिले। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के करतार सिंह भड़ाना को 31,261 वोट मिले। बहुजन समाज पार्टी के उबेदुर्रहमान को कुल 19552 वोट मिले। लोकसभा चुनाव में भाजपा को इस सीट से बढ़त हासिल हुई थी। इस क्षेत्र से भाजपा कभी भी विधानसभा चुनाव नहीं जीत सकी है। यहां बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस का दबदबा रहा है। यह सीट बसपा विधायक सरवत करीम अंसारी के निधन से रिक्त हुई थी। इस चुनाव में दिवंगत अंसारी के पुत्र को बसपा ने उम्मीदवार बनाया था, लेकिन वह तीसरे स्थान पर रहे।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,334FansLike
5,410FollowersFollow
107,418SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय