गाजियाबाद। ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र के इलायची पुर गांव में रहने वाले युवक गुड्डू का शव दो दिन बाद यमुना नदी में मिला है। गुड्डू होली के दिन अपने ठेकेदार के साथ घर से निकला था। गुड्डू की पत्नी ने रात ठेकेदार पर अपहरण करके ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया था।
इलायची पुर गांव में गुड्डू (36) परिवार के साथ रहते थे। वह मजदूरी करते थे। गुड्डू की पत्नी ने बताया कि होली के दिन गुड्डू का ठेकेदार घर पर आया था। दोनों ने होली खेलने के बाद शराब पी थी। शराब पीने के बाद दोनों घर से चले गए थे।
देर शाम तक जब गुड्डू वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाश किया। ठेकेदार से पूछा तो उसने बताया कि गुड्डू उसके पास से जा चुका था। गुड्डू का कहीं ना पता लगने पर परिजनों ने गुड्डू के ठेकेदार सुनील पर अपहरण करके ले जाने का मुकदमा ट्रॉनिका सिटी थाने में दर्ज कराया था।
आज रविवार सुबह यमुना नदी में युवक का शव तैरता हुआ मिला। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकाल। शव की शिनाख्त गुड्डू के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चलेगा।