Tuesday, September 17, 2024

नोएडा में युवती से दुष्कर्म का प्रयास करने वाला चालक पुलिस की गोली से हुआ लंगड़ा

नोएडा। नोएडा में एक युवती को ऑटो रिक्शा में सफर के दौरान छेड़छाड़ व दुष्कर्म का प्रयास करने वाले ऑटो चालक को थाना फेस-2 पुलिस ने आज तड़के एक मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली उसके पैर में लगी है। पुलिस ने इसके पास से घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा और अवैध हथियार बरामद किया है। इसके खिलाफ पूर्व में बलात्कार, छेड़छाड़ सहित विभिन्न धाराओं में 7 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस उपायुक्त जोन द्वितीय शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि 21 अगस्त को एक व्यक्ति ने थाना फेस-2 में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बहन सूरजपुर से भंगेल के भट्ठा कालोनी स्थित अपने घर ऑटो रिक्शा में सवार होकर 16 अगस्त को आ रही थी। ऑटो रिक्शा में चालक सेक्टर-88 के पास आकर उसकी बहन से बोला कि ऑटो में सीएनजी खत्म हो गई है। वह सीएनजी डलवाने के बहाने उसकी बहन को सुनसान जगह पर ले गया। वहां पर उसने उसके साथ आटो रिक्शा में अश्लील हरकत करनी शुरू कर दी, तथा उसके कपड़े उतार कर उसके साथ बलात्कार करने का प्रयास किया।
उन्होंने बताया कि इसी बीच युवती की चीख-पुकार सुनकर वहां से गुजर रहे लोगों ने ऑटो रिक्शा चालक को ललकारा। लोगों को आता देख ऑटो चालक युवती को ऑटो रिक्शा से धक्का देकर मौके से भाग गया था। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने एक विशेष टीम बनाई तथा ऑटो चालक की तलाश शुरू की गई। उन्होंने बताया कि आज तड़के एक सूचना के आधार पर पुलिस ने एक ऑटो को रोकने का प्रयास किया। ऑटो चालक ने ऑटो रिक्शा नहीं रोका। पुलिस ने पीछा करके उसे घेर लिया। अपने आप को पुलिस से घिरा हुआ देखकर ऑटो चालक ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी।
उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई। डीसीपी ने बताया कि पुलिस द्वारा चलाई गई गोली कुलदीप उर्फ सोनू के पैर में लगी है। उन्होंने बताया कि उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। आरोपी जनपद कन्नौज का रहने वाला है, तथा उसकी उम्र 26 वर्ष है। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी ने महिला सवारी को ऑटो में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाकर छेड़छाड़ व बलात्कार का प्रयास किया था। इसके खिलाफ पूर्व में छेड़छाड़, अवैध हथियार रखने, बलात्कार करने सहित विभिन्न धाराओं में 7 मुकदमे दर्ज है।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,334FansLike
5,410FollowersFollow
107,418SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय