Wednesday, September 25, 2024

जोधपुर की पूर्व विधायक सूर्यकांता व्यास ‘जीजी’ का निधन, छह बार एमएलए रहीं

 

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

जाेधपुर। जोधपुर शहर की प्रमुख राजनीतिक हस्ती, समाजसेवी और सूरसागर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक सूर्यकांता व्यास (जीजी) का बुधवार सुबह निधन हो गया। 86 वर्षीय जीजी लंबे समय से बीमार चल रहीं थीं। काफी समय से उनका डायलिसिस चल रहा था। बुधवार सुबह अपने निवास पर ही उनकी तबीयत काफी नासाज हो गई। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इलाज के दौरान करीब सवा सात बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। सूर्यकांता व्यास से निधन से जोधपुर शहर में शोक की लहर छा गई। व्यास के निधन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।

पार्षद से अपना राजनीतिक कॅरियर शुरू करने वालीं सूर्यकांता व्यास छह बार विधायक रहीं। उन्होंने 1990 में अपना पहला चुनाव जोधपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से जीता। इसके बाद वे तीन बार शहर विधानसभा क्षेत्र से चुनकर विधानसभा पहुंचीं। परिसीमन के बाद 2008 में उन्होंने जोधपुर के सूरसागर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा और जीतीं। इसके बाद वे लगातार तीन बार इसी विधानसभा क्षेत्र से जीत कर सदन तक पहुंचीं। 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने इस सीट पर टिकट बदल दिया था। उनकी जगह भाजपा ने नए चेहरे देवेंद्र जोशी को मैदान में उतारा था।

सूर्यकांता व्यास जोधपुर शहर में जीजी के नाम से जानी-जाती थीं। जीजी पिछले करीब 10 महीने से स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों से जूझ रहीं थीं। पहले उनका एमडीएम हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें जोधपुर एम्स रेफर कर दिया गया था। वहां भी उन्हें कई बार भर्ती किया गया था। उन्हें एम्स के आईसीयू में भर्ती किया गया था। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई नेता उनका हालचाल जानने पहुंचे थे।

व्यास के निधन पर केन्द्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संवेदना प्रकट की है। शेखावत ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि हमारी वरिष्ठ नेता श्रद्धेय सूर्यकांता व्यास का देहावसान जोधपुर क्षेत्र के सामाजिक-राजनीतिक जीवन की अपूरणीय क्षति है। “जीजी” छह बार क्षेत्र से विधायक रहीं। उनकी लोकप्रियता और वरिष्ठता का सभी सम्मान करते थे। इस लोकसभा निर्वाचन के पूर्व मुझे उनका आशीर्वाद मिला था। उनसे हुई भेंट स्मृति पटल पर अंकित है। मैं हृदय से दुखी हूँ। प्रभु श्रीराम उनकी आत्मा को अपनी शरण प्रदान करें। परिवारजनों और समर्थकों को संबल प्राप्त हो। ॐ शान्ति! दूसरी तरफ मुख्यमंत्री ने लिखा कि सूरसागर विधानसभा से पूर्व विधायक, भाजपा परिवार की वरिष्ठ सदस्या सूर्यकान्ता व्यास ‘जीजी’ के निधन का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। कुछ दिन पूर्व ही उनसे भेंट हुई थी जहां उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त करने का सुअवसर प्राप्त हुआ। मेरे प्रति उनका अपार स्नेह और वात्सल्य सदैव बना रहा। उनका स्वर्गवास भारतीय जनता पार्टी परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिवार को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!

Related Articles

STAY CONNECTED

74,306FansLike
5,445FollowersFollow
115,034SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय