फिरोजाबाद। थाना जसराना क्षेत्र अन्तर्गत सोमवार को एक पति ने अपने पुत्र के सहयोग से पत्नी की हत्या कर दी। आरोपियों ने शव को घंटों घर में छिपाने के बाद उसे जला दिया। सूचना पाकर आई मृतका की पुत्री ने पिता व भाई पर मां की हत्या कर शव जलाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। मौके से पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई है।
थाना जसराना के गांव स्यौंडा निवासी सुरेंद्र ने अपने बेटे मुचकेंद्र के साथ मिलकर पत्नी संगीता (45) की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद उसके शव को घंटों घर में छिपाए रखा उसके बाद शव को जला दिया। जब इस घटना की जानकारी किसी तरह औरंगाबाद निवासी उसकी पुत्री भारती को हुई तो वह मौके पर पहुंच गई। उसने सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर थाना प्रभारी सचिन कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को चिता से निकालने का प्रयास किया लेकिन तब तक शव पूरी तरह से जलकर राख हो चुका था। पुत्री भारती ने पिता सुरेंद्र सिंह एवं भाई मुचकेंद्र पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पुत्री भारती की तहरीर पर सुरेंद्र एवं उसके पुत्र मुचकेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि शव के जल जाने के कारण पीएम नहीं कराया जा सका है। तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
25 साल पहले की थी शादी
सुरेंद्र और सुनीता की शादी 25 वर्ष पहले हुई थी। उसका मायका हजरतपुर बेदपुरा इटावा में है। सुनीता के भाई के बेटे ने बताया कि उसके फूफा उसकी बुआ और बच्चों के साथ आए दिन मारपीट करते रहते थे। जिसके कारण घर में कलह होता रहता है। वहीं उन्होंने अपनी छोटी बेटी गौतमी को बेच दिया था। जिसका पूरा परिवार विरोध कर रहा था। विरोध के कारण ही गौतमी गांव में न रहकर अपनी बड़ी बहन भारती के यहां औरंगाबाद में रह रही थी। जबकि उसका छोटा देवेंद्र गांव में ही था।
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम
महिला की हत्या के बाद शव को जला देने के मामले में जनपद से फोरेंसिक टीम ग्राम स्योढ़ा पहुची और महिला के मृतक साक्ष्य जुटाए। फॉरेंसिक टीम के प्रभारी भगेन्द्र सिंह ने बताया कि जांच से सम्बंधित नमूना जली हुई हड्डिया, टूटी हुई चुडिया, कान का टूटा हुआ कुंडल व चिता की राख सम्बंधित साक्ष्य जुटाए है।