Friday, September 27, 2024

पाकिस्तान के समर्थन से राजनीति करनी है तो भारत में नहीं, पाकिस्तान में ही करें: डॉ मोहन यादव

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस के ‘‘नादान‘‘ (राहुल गांधी) पाकिस्तान के समर्थन से देश में राजनीति करना चाहते हैं। राहुल गांधी को भारत में राजनीति करना है तो भारत के लोगों का समर्थन लें, अगर उन्हें पाकिस्तान के समर्थन से राजनीति करनी है तो वह भारत में नहीं पाकिस्तान में राजनीति करें। हरियाणा सहित देश भर के हमारे बच्चे सीमा पर पाकिस्तान के साथ अपने खून की अंतिम बूंद तक लड़ते हैं। वोट के खातिर कांग्रेस और राहुल गांधी शहीदों व सैनिकों को अपमानित करने का कार्य करते हैं। राहुल देश का सम्मान न देश में रखते हैं और न ही विदेश में रहते हैं। राहुल गांधी, कांग्रेस और उसके समर्थक दल जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाने की मांग करते हैं और पाकिस्तान उसे समर्थन करता है। देश के खिलाफ जाने वाले को हरियाणा की जनता इस विधानसभा चुनाव में सबक सिखाएगी।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ यादव गुरुवार को हरियाणा के चरखी दारदी, भिवानी और बवानी खेरा विधानसभाओं में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री और हमें मुख्यमंत्री बनाकर गरीबों को सम्मान देने का कार्य किया है। बवानी खेरा विधानसभा के मिलकपुर गांव में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री डॉ यादव को मथुरा के पेडों से तौलकर सम्मान किया गया।

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

वोट की खातिर गलत मार्ग पर चल रही कांग्रेस
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के बताए मार्ग पर चल रही है। भाजपा सनातन को बढ़ावा देने का कार्य करती है तो कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के पेट में दर्द होता है। सनातन के मार्ग पर चलते हुए गरीब से गरीब व्यक्ति को भी भाजपा ने गले लगाया है, लेकिन कांग्रेस ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व को ही नकार दिया था। अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर बनाने के लिए हमारे पूर्वजों ने करीब 500 सालों तक संघर्ष किया। सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के बाद प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बना।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा में कांग्रेस नेताओं को बुलाया गया था, लेकिन एक भी कांग्रेस नेता भगवान श्रीराम के दर्शन करने अयोध्या नहीं पहुंचे। कांग्रेस के लोग तो देवी-देवताओं के नाम लेने में भी शर्माते हैं। भगवान श्रीराम के अस्तित्व को नकारने वाले कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं को जनता माफ करने वाली नहीं है। हरियाणा देश का इकलौता राज्य है, जिसका नाम भगवान श्रीहरि के नाम पर ही है। इसी हरियाणा की धरती पर भगवान श्रीकृष्ण ने करीब पांच हजार साल पहले देश-दुनिया को श्रीमद् भगवत गीता का उपदेश देकर धर्म के मार्ग पर चलने और कर्तव्यपथ पर डटे रहने का रास्ता दिखाया। भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन गया है, जब मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण के भव्य मंदिर के लिए इस बार वोट देना है।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में तेजी से बदल रहा भारत
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के काम करने का एक-एक तरीका भारत की कीर्ति व प्रसिद्धि को बढ़ाने वाला है। कांग्रेस के शासनकाल में कोई विदेशी मेहमान आते थे तो उन्हें ताजमहल दिखाने ले जाते थे। लेकिन नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद अब कोई भी विदेशी मेहमान आता है तो उन्हें मंदिरों के दर्शन कराया जाता है और गीता भेंट की जाती है। यह है हमारे प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बदलते हुए भारत का परिदृश्य।

डॉ यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता राहुल गांधी ने हमेशा अपमानित करने का कार्य किया है। कांग्रेस के शासनकाल में जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद चरम पर था। हमारे वीर सैनिकों के सर पाकिस्तानी आतंकवादी काटकर ले जाते थे, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के बागडोर संभालने के बाद आतंकवाद पर नकेल कस गई है। हरियाणा की धरती शहीदों के कारण भी जानी जाती है। 5000 साल पहले कौरवों और पांडवों के बीच भीषण युद्ध हुआ था। इस भीषण युद्ध के बारे में ऐसा कहा जाता है कि धरती के ऊपर कोई भी शूरवीर, महावीर कोई भी रण में जाने वाला वीरांगना का बच्चा घर पर नहीं बैठा था। सभी ने उस निर्णायक युद्ध में भाग लिया था। जिस वंश के लोग यहां बैठे हैं उन्होंने 5000 साल पहले भी कंस को सत्ता से हटाया था। कंस के आतंक से मुक्ति दिलाने के बाद भी वह स्वयं कुर्सी पर नहीं बैठे, महाराजा उग्रसेन को कुर्सी पर बैठाया। प्रधानमंत्री मोदी ने सेना पर तैनात जवानों के साथ खेत में कार्य कर रहे किसानों को सम्मान भी देने का कार्य किया। दुश्मन देश के अंदर घुसकर दो बार आतंकवादियों को मोदी सरकार ने सबक सिखाया है, लेकिन दुर्भाग्य है कि कांग्रेस नेता तब भी सेना से सबूत मांगकर उन्हें अपमानित करने का कार्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने हरियाणा में वर्षों शासन किया, लेकिन हरियाणा का जिस तरीके से विकास करना चाहिए था नहीं किया। भाजपा सरकार बनी तो हरियाणा विकास में नए कीर्तिमान स्थापित करने लगा है। कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की खर्ची और पर्ची की सरकारों को आप देख चुके हैं। भाजपा खर्ची और पर्ची दोनों से हटकर योग्य लोगों को नौकरी और रोजगार देने का कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा विकास की राह पर इसी तरह तेजी से अग्रसर होता रहे, इसके लिए आप सभी मतदाता भाई-बहनें फिर से भाजपा की सरकार बनाने के लिए अपना आशीर्वाद प्रदान करें। हरियाणा में 24 फसलों की एमएसपी की अलग-अलग प्रकार से खरीद की जा रही है। आप फिर से भाजपा की सरकार बनाएं, दो लाख युवाओं को रोजगार देने के साथ शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में 5 लाख नए मकान उपलब्ध कराएंगे।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,306FansLike
5,445FollowersFollow
115,034SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय