Monday, May 6, 2024

सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ भारत ने किया हांगझोउ 2022 का समापन, मोदी ने दी बधाई

मुज़फ्फर नगर लोकसभा सीट से आप किसे सांसद चुनना चाहते हैं |

हांगझोउ- एशियाई खेलों के इतिहास में अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (107 पदक) के साथ भारत ने हांगझोउ 2022 अभियान का समापन शानदार तरीके से किया और अगले साल होने वाले पेरिस ओलंपिक में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की आस 130 करोड़ भारतीयों के दिलों में जगा दी।


एशियन गेम्स का औपचारिक समापन आठ अक्टूबर यानी कल रविवार को होगा मगर भारतीय खिलाड़ियों की स्पर्धायें शनिवार को समाप्त हो गयी। अंतिम दिन भारतीय खिलाड़ियों ने छह स्वर्ण समेत कुल 12 पदक अपने नाम किए। इसके साथ ही भारत ने 28 स्वर्ण, 38 रजत और 41 कांस्य समेत कुल 107 पदकों के साथ एशियन गेम्स में अपने अभियान का समापन किया। यह भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले जकार्ता एशियन गेम्स में भारतीय टीम ने सर्वाधिक 70 पदक जीते थे जिनमें 16 स्वर्ण, 23 रजत और 31 कांस्य शामिल थे।

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 


भारतीय एथलीटों ने अपने अभियान के आखिरी दिन 12 पदक जीते जिसमें छह स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक शामिल है। बैडमिंटन के पुरुष युगल में सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीता। एशियाई खेलों के इतिहास में पहली बार है जब भारत ने बैडमिंटन में स्वर्ण पदक जीता है। कबड्डी में पुरुष और महिला टीमों ने स्वर्ण पदक जीते जबकि तीरंदाजी में ओजस देवताले और अभिषेक वर्मा ने कंपाउंड पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण-रजत पदक हासिल किया। तीरंदाज ज्योति वेन्नम ने व्यक्तिगत महिला कंपाउंड स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पुरुष और महिला शतरंज टीमों ने देश को दो रजत पदक दिलाये।


पुरुष हॉकी में भारत ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया जबकि महिलाओं ने जापान के खिलाफ आसान जीत के साथ कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। क्रिकेट में पहली बार भाग ले रही भारतीय टीम के हाथ स्वर्ण पदक लगा। अफगानिस्तान के खिलाफ वर्षा के कारण रद्द मैच में रैकिंग के लिहाज से भारत को स्वर्ण से नवाजा गया।


पदक तालिका में भारत चौथी पायदान पर रहा है। पहले स्थान पर मेजबान चीन है। चीन 197 स्वर्ण के साथ पहले स्थान पर है जबकि जापान (49 स्वर्ण) दूसरे और कोरिया गणराज्य (39 स्वर्ण) तीसरे स्थान पर है। निशानेबाजों ने भारत को 22 पदक दिलाये जबकि एथलेटिक्स में भारत के हाथ 29 पदक लगे। महिला टेबल टेनिस टीम में सुतीर्था मुखर्जी और अहिका मुखर्जी की जोड़ी ने भारत को कांस्य पदक दिलाया।
गौरतलब है कि एशियाई खेलो का 19वां संस्करण पिछले साल यानी 2022 में निर्धारित था मगर कोरोना के चलते इसे एक साल के लिये स्थगित कर दिया गया था।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चीन के हांगझोउ में चल रहे एशियाई खेल 2022 में शनिवार को विभिन्न स्पर्धाओं में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को बधाई दी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर आज श्रृंखलाबद्ध पोस्ट कर भारतीय खिलाड़ियों को बधाई दी।

उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, “ हमारी पुरुष क्रिकेट टीम ने एशियाई खेलों में पहली बार हिस्सा लिया और देश के लिए स्वर्ण पदक जीता है। इस ऐतिहासिक सफलता पर हमारे अतुलनीय क्रिकेटरों को हार्दिक बधाई। उनके साहस और सहयोगात्मक प्रयासों ने एक बार फिर देश को गौरवान्वित किया है। उनके भविष्य के अवसरों के लिए मेरी शुभकामनाएं।”

उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा, एशियाई खेलों में कांस्य पदक हासिल करने की उल्लेखनीय उपलब्धि पर हमारी महिला हॉकी टीम को बधाई! भारतीय महिला हॉकी टीम की तन्मयता, उनके टीम वर्क और जुनून ने देश को गौरवान्वित किया है।”

प्रधानमंत्री ने एशियाई खेल में पुरुषों की कुश्ती की 86 किलोग्राम स्पर्धा में रजत पदक जीतने के लिए दीपक पुनिया को बधाई दी।

उन्होंने एक्स पर लिखा, “दीपक पुनिया का यह अविश्वसनीय प्रदर्शन है! पुरुष कुश्ती की 86 किलोग्राम स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर बधाई। उनका समर्पण और भावना वास्तव में प्रेरणादायक है और इसी के कारण यह अद्भुत प्रदर्शन सामने आया है।”

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने बैडमिंटन पुरुष युगल में स्वर्ण पदक जीतने पर सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को बधाई दी।

उन्होंने लिखा, “सात्विक साईराज और चिराग शेट्टी की शानदार जोड़ी ने बैडमिंटन पुरुष युगल में स्वर्ण पदक जीता है। उन्हें बधाई। उनका खेल कोर्ट को रोशन करता है और भारत को सदैव गौरवान्वित करता है!”

प्रधानमंत्री ने एशियाई खेलों में ऐतिहासिक स्वर्ण जीतने पर कबड्डी महिला टीम को शाबाशी दी।

उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, “एशियाई खेलों में भारत के लिये यह ऐतिहासिक पल है। हमारी कबड्डी महिला टीम ने स्वर्ण पदक जीता! यह विजय हमारी महिला एथलीटों की अदम्य भावना का परिचायक है। भारत उनकी सफलता से गौरवान्वित है। टीम को बधाई। उनके भावी प्रयासों के लिये मेरी शुभकामनायें।”

श्री मोदी ने कंपाउंड तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीतने पर ओजस प्रवीण देवताले की सराहना की और कंपाउंड तीरंदाजी में रजत पदक जीतने पर अभिषेक वर्मा की प्रशंसा की। इसके साथ ही उन्होंने कंपाउंड तीरंदाजी में स्वर्ण पदक अपने नाम करने पर ज्योति सुरेखा वेन्नम को भी बधाई दी है।

उन्होंने लिखा, “तीरंदाज अभिषेक द्वारा शानदार प्रदर्शन। कंपाउंड तीरंदाजी की पुरुषों की व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर बधाई। उनकी स्फूर्ति व खेल-भावना ने अपनी चमक बिखेरी है और भारत इस उपलब्धि से रोमांचित है।”

एक अन्य पोस्ट में श्री मोदी ने लिखा, “एशियाई खेलों में कंपाउंड तीरंदाजी की व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर ओजस प्रवीण देवताले को बधाई। उनके सूक्ष्म लक्ष्य-भेदन, संकल्प और दृढ़निश्चय ने एक बार फिर कमाल कर दिखाया है तथा हमारे देश को गौरवान्वित किया है।”

प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया, “भारत के लिये गौरवशाली पल! एशियाई खेलों में कंपाउंड तीरंदाजी में तीसरा स्वर्ण पदक जीतने पर ज्योति सुरेखा वेन्नम को बधाई। उनके समर्पण और कौशल से देश गौरवान्वित होता रहा है।”

प्रधानमंत्री ने इस बार सौ पदक एशियाई खेलों में जीतने को भारत की बेमिसाल उपलब्धि बताया है।

उन्होंने कहा कि मैं 10 अक्टूबर को एशियाई खेलों में भाग लेने वाले भारतीय दल का आत्थित्य करेंगे और उनसे बातचीत करूंगा। श्री मोदी ने कहा है कि एशियाई खेलों में हमारे एथलीटों द्वारा 100 पदकों का पड़ाव पार कर लेने पर पूरा देश रोमांचित हो उठा है।

उन्होंने एक्स पर लिखा, “ एशियाई खेलों में भारत के लिये बेमिसाल उपलब्धि! हमने 100 पदकों का पड़ाव पार कर लिया है, जिससे देशवासी रोमांचित हो उठे हैं। मैं अपने शानदार एथलीटों को हृदय से बधाई देता हूं, जिनके प्रयासों ने भारत को इस ऐतिहासिक पड़ाव पर पहुंचाया है। अचम्भित कर देने वाले प्रदर्शन ने इतिहास रच दिया है और हमारा सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। मैं 10 तारीख को एशियाई खेलों में हिस्सा लेने वाले भारतीय दल का आतिथ्य करूंगा और एथलीटों के साथ बातचीत करूंगा।”

Related Articles

STAY CONNECTED

74,237FansLike
5,309FollowersFollow
47,101SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय