Saturday, September 21, 2024

जम्मू कश्मीर में धौलपुर का लाल रामकिशोर हुआ शहीद

धौलपुर। जम्मू-कश्मीर में सेना के मूवमेंट के दौरान शुक्रवार दोपहर सेना के वाहन के गहरी खाई में गिरने से धौलपुर का एक लाल रामकिशोर बघेल शहीद हुआ है। शहीद जवान रामकिशोर बघेल जिले के राजाखेडा इलाके का रहने वाला है। पंजाब के पठानकोट इलाके से सेना के मूवमेंट के जरिए जवान जम्मू-कश्मीर के मछेडी जा रहे थे। तभी कठुआ इलाके में यह दुखद हादसा हो गया। इस हादसे में सात अन्य जवान जख्मी हुए हैं,जिनका पंजाब में सेना के बेस अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। शुक्रवार दोपहर राजाखेड़ा के शहरी क्षेत्र के दूल्हा राय का घेर निवासी स्थानीय फौजी रामकिशोर बघेल के जम्मू-कश्मीर के कठुआ में सेना के वाहन के खाई में गिर जाने से शहीद होने की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में महिला और पुरूष रामकिशोर के घर एकत्रित होने लगे। स्थानीय घर पर शहीद की मां बर्फी देवी अकेली हैं, जो सूचना मिलते ही बहदवास हो चुकी है। स्थानीय महिलाएं उन्हें ढाढस बंधा रही हैं।

राजाखेडा नगर पालिका के चेयरमैन वीरेन्द्र जादौन ने बताया कि रामकिशोर बघेल वर्ष 2019 में सेना में भर्ती हुआ था। आज दोपहर में पंजाब के पठानकोट से सेना के चार वाहनों से जवानों का मूवमेंट जम्मू-कश्मीर के मछेडी इलाके के लिए हो रहा था। तभी कठुआ के पास में सेना का एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में रामकिशोर बघेल की शहादत हुई है,जबकि उनके साथ के सात अन्य जवान जख्मी हुए हैं। शहीद रामकिशोर बघेल राजाखेडा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 32 के तहत दूल्हे राय के घेर का रहने वाला है। शहीद रामकिशोर बघेल का पार्थिव शरीर शनिवार दोपहर बाद तक आने की संभावना है। इस संबंध में सेना के कमांडिग आफिसर तथा स्थानीय प्रशासन से उनकी बात हो गई है तथा उनके घर पर अंतिम विदाई की तैयारियां की जा रहीं हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक शहीद रामकिशोर बघेल के पिता तथा भाई पानीपत में रहते हैं तथा घर में अकेली मां बर्फी देवी रहतीं हैं। करीब 25 वर्षीय शहीद रामकिशोर बघेल का विवाह लगभग 10 माह पूर्व ही राजाखेडा से लगे उत्तरप्रदेश के सीमावर्ती कसबे फतेहाबाद के जरारी गांव की पूजा से हुई थी। ऐसे में दोनों ही परिवारों में मातम पसर गया है।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,334FansLike
5,410FollowersFollow
107,418SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय