मेरठ। कैंट क्षेत्र में पिछले चार दिनों से जारी सड़क निर्माण का कार्य बृहस्पतिवार की रात पूरा हो गया। इसके चलते किया गया रूट डायवर्जन हटा लिया गया। इसके साथ ही पुरानी व्यवस्था के तहत वाहनो का आवागमन शुरू हो गया। इससे लोगों को चार दिनों से चले आ रहे जाम के हालात से निजात मिली।
कंकरखेड़ा फ्लाईओवर से लेकर सब एरिया कैंटीन तक पिछले चार दिनों से सड़क निर्माण का कार्य किया जा रहा था। साथ ही सब एरिया कैंटीन के अलावा भी कैंट में सड़क निर्माण कार्य चल रहा था। जिसके चलते कैंट क्षेत्र में कई जगह पर रूट डायवर्ट किया गया था। इसके चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जाम के चलते कुछ मिनट की दूरी के लिए वाहन स्वामियों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा था।
स्थानीय लोगों को बेगमपुल पहुंचने के लिए चार किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ रही थी। बृहस्पतिवार रात कैंट क्षेत्र में सड़क निर्माण का कार्य पूरा हो गया। जिसके चलते कैंट क्षेत्र में बंद किए गए रास्तों को खोल दिया गया। जिसके बाद पुरानी व्यवस्था फिर से बहाल हो गई।