Saturday, September 28, 2024

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को समाजवादी पार्टी के नेता राजकुमार भाटी ने बताया गिद्ध

नोएडा। समाजवादी पार्टी के नेता राजकुमार भाटी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की तुलना गिद्ध से कर डाली।

आपको बता दें कि एक डिबेट के दौरान राजकुमार भाटी से जब जेपी नड्डा के इस बयान पर प्रतिक्रिया देने को कहा कि अगले चुनाव में क्षेत्रीय पार्टियां समाप्त हो जाएंगी, तब राजकुमार भाटी ने यह तुलना की। उन्होंने कहा कि गिद्धों के कोसने से गाय नहीं मरा करती। इसी तरह जेपी नड्डा के कहने से क्षेत्रीय पार्टी समाप्त नहीं होंगी।

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

इस मामले में समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने आगे कहा कि जेपी नड्डा के इस बयान में भाजपा का अहंकार, अहमन्यता, अधिनायकवाद, घमंड और तानाशाही झलक रही है। सपा प्रवक्ता ने कहा कि असल में भारतीय जनता पार्टी 2024 के चुनाव को लेकर बेहद डरी हुई है। उसे लगता है कि कांग्रेस को तो वह आराम से हरा लेती किंतु इंडिया गठबंधन में अलग-अलग प्रदेशों की 28 मजबूत पार्टियों के जुड़ने से भाजपा को अपना भविष्य अंधकारमय नजर आ रहा है।

सपा के प्रवक्ता राजकुमार भाटी यही नहीं रुके। उन्होंने कहा कि नड्डा को क्षेत्रीय पार्टियों की चिंता करने की बजाय अपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए, क्योंकि 2024 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी समाप्ति की ओर है। राजकुमार भाटी ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओ ने सत्ता के विकेंद्रीकरण की कल्पना की थी। इसी सोच के तहत भाषाई आधार पर राज्यों का निर्माण किया गया था। अलग-अलग राज्यों की क्षेत्रीय पार्टियां लोकतंत्र और सत्ता के विकेंद्रीकरण का प्रतिनिधित्व करती हैं। जो पार्टी क्षेत्रीय दलों के खात्मे की कल्पना करती हो स्पष्ट है कि वह लोकतंत्र और सत्ता के विकेंद्रीकरण के खिलाफ है।

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में राजकुमार भाटी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के चाचा कृपाल सिंह बिष्ट उर्फ़ महंत अवैद्यनाथ गोरख पीठ के महंत थे और उस क्षेत्र से भाजपा के सांसद भी चुने गए। जब मठ और राजनीति का उत्तराधिकारी चुनने का सवाल आया तो उन्होंने अपने भतीजे अजय सिंह बिष्ट उर्फ योगी आदित्यनाथ को ही उत्तराधिकारी बनाया। परिवारवाद पर प्रश्न उठाने वाली भाजपा क्या इसे परिवारवाद नहीं मानती। इस डिबेट की क्लिप सोशल मीडिया पर बहुत शेयर की जा रही हैं और इस डिबेट में राजकुमार भाटी द्वारा किए गए कटाक्षों पर लोग मजे ले लेकर चर्चा कर रहे हैं। इस डिबेट की वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत वायरल हो रही है। सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी के इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर बवाल मचा हुआ है।

आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के लुहारली गाँव के रहने वाले राजकुमार भाटी उत्तर प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता हैं। राजकुमार भाटी इन दिनों ग्रेटर नोएडा शहर के गामा-3 सेक्टर में रहते हैं। राजकुमार भाटी मूल रुप से पत्रकार रहे हैं। पत्रकारिता में हाथ आजमाने के बाद उन्होंने दादरी के मिहिर भोज पोस्ट ग्रेजुएट कालेज में अध्यापन का कार्य भी किया है। बचपन के दिनों से ही उन्हें राजनीतिक गतिविधियों में भाग लेने का शौक रहा है। दादरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे प्रसिद्ध समाजवादी नेता महेंद्र सिंह भाटी के बेहद करीबी लोगों में उनकी गिनती होती रही है। देहात मोर्चा नामक संगठन से उन्होंने अपनी विधिवत राजनीतिक पारी की शुरूआत की थी। देहात मोर्चा के बैनर पर उन्होंने एक दर्जन से अधिक बड़े आंदोलन खड़े किए थे। दादरी विधानसभा सीट से वें तीन बार समाजवादी पार्टी के टिकट पर प्रत्याशी रह चुके हैं।

एक बंगाली कहावत है, जिसमें कहा जाता है कि गिद्धों के कोसने से गाय नहीं मरा करती। राजकुमार भाटी ने डिबेट के दौरान उसी कहावत का जिक्र किया है। यह कहावत आमतौर पर तब इस्तेमाल की जाती है जब कोई व्यक्ति किसी के खिलाफ अनर्गल टिप्पणी करता है दूसरा पक्ष उसके काउंटर में इस कहावत का इस्तेमाल करता है। गिद्धों के कोसने से गाय नहीं करा करती वाली कहावत का इस्तेमाल अनेक बार नेताओं ने किया है। दिल्ली में भाजपा के नेता कपिल मिश्रा ने एक बार अखिलेश यादव की टिप्पणी पर इस कहावत का इस्तेमाल किया था। कई क्षेत्रों में इस कहावत को ”कौंवा के कोसने से ढौर नहीं मरते” के रुप में भी प्रयोग किया जाता है।

 

Related Articles

STAY CONNECTED

74,306FansLike
5,445FollowersFollow
115,034SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय