Wednesday, July 24, 2024

सपा सरकार होती तो कभी न बनता अयोध्या में श्रीराम मंदिर: योगी

कन्नौज- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार के रहते अयोध्या में श्रीराम का भव्य मंदिर का निर्माण असंभव था।


इत्र नगरी कन्नौज को 352 करोड़ रुपए की 59 परियोजनाओं की सौगात देते हुये श्री योगी ने कहा “ आज अगर समाजवादी पार्टी की सरकार होती तो अयोध्या में कभी भी श्रीराम का भव्य मंदिर नहीं बन पाता। सपाई अयोध्या में भगवान श्रीराम का और कन्नौज में आंबेडकर का विरोध करते हैं मगर डबल इंजन की सरकार जहां एक तरफ विकास कार्यों को स्पीड से पूरा करती है वहीं आस्था का सम्मान भी करती है।”


अशोक नगर स्थित केके इंटर कॉलेज के बोर्डिंग ग्राउंड में जनसभा के दौरान उन्होने कन्नौज के सांसद सुब्रत पाठक के पिता ओम प्रकाश पाठक को उनकी पांचवीं पुण्यतिथि पर नमन किया। उनकी याद में सांसद द्वारा प्रतिवर्ष दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग और ट्राईसाइकिल दिये जाने की मुख्यमंत्री ने प्रशंसा की। योगी ने कहा कि दिव्यांगजनों को अगर समाज और सरकार से सपोर्ट मिले तो बड़ी से बड़ी उपलब्धि भी उनके कदमों में होती है।


अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री ने कन्नौज के गौरवमयी इतिहास की चर्चा करते हुए महाराज हर्षवर्धन को याद किया। उन्होंने कहा कि महाराज हर्षवर्धन अपनी दानवीरता के लिए जाने जाते हैं, जिन्होंने प्रयागराज के कुंभ को भव्यता प्रदान की। महाराज हर्षवर्धन ने कन्नौज से ही देश में रामराज्य की अवधारणा को पूरा किया था। आज एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 500 साल के दंश को मिटाकर भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण पूरा कर लिया गया है। उन्होने कन्नौज की जनता को अयोध्या आकर श्रीराम मंदिर में दर्शन करने निमंत्रण भी दिया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भी कन्नौज को योग्य जनप्रतिनिधि का चुनाव करना है, जो उनके सुख-दु:ख में सहभागी बने और शासन की योजनाओं को जन जन तक बिना भेदभाव के पहुंचाए। मुख्यमंत्री ने सांसद सुब्रत पाठक की प्रशंसा करते हुए कहा कि एक अच्छा सांसद आपकी आवाज संसद में उठाता है।


श्री योगी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा कार्यकाल में बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के नाम पर संचालित कन्नौज के मेडिकल कॉलेज का नाम बदल दिया गया। उन्होंने कहा कि सपा को ना जाने क्यों बाबा साहेब से चिढ़ है। एक ओर सपाई अयोध्या में भगवान श्रीराम का विरोध करते हैं तो वहीं दूसरी तरफ कन्नौज में बाबा साहेब भीम राव आंबेडकर का तिरस्कार करते हैं। समाजवादी पार्टी वोट तो जाति के नाम पर लेती है मगर काम केवल परिवार के लिए करती है।


उन्होंने आश्वस्त किया कि कन्नौज मेडिकल कॉलेज का नाम फिर से बाबा साहेब भीम राव आंबेडकर के नाम पर किया जाएगा।
योगी ने इत्र व्यापारियों को भी भरोसा दिलाया कि सरकार हमेशा उनके साथ है। इत्र के कारोबार में तकनीकि, पैकेजिंग, मार्केटिंग और एक्सपोर्ट के लिए बेहतरीन वातावरण तैयार किया जा रहा है। उन्होने कन्नौज में स्पोर्ट्स स्टेडियम के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द प्रस्ताव भेजने के लिए कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के लिए जनसेवा व्रत और संकल्प है। प्रदेश सरकार कन्नौज को बेहतरीन इन्फ्रास्ट्रक्चर के साथ ही वर्ल्ड क्लास आईटीआई, स्किल डेवलपमेंट केंद्र भी प्रदान करेगी। कन्नौज के विकास में कोई भी रोड़ा नहीं अटका पाएगा। सरकार बिना भेदभाव और बिना तुष्टिकरण के योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचा रही है।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मकान की चाबी और प्रमाणपत्र प्रदान किया। इस दौरान प्रदेश सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, असीम अरुण, सांसद सुब्रत पाठक, देवेन्द्र सिंह भोले, विजय कुमार दुबे, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य, विधायक कैलाश सिंह राजपूत, अर्चना पांडेय, पूनम संखवार, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा रामचंद्र कन्नौजिया सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,098FansLike
5,348FollowersFollow
70,109SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय