Wednesday, May 8, 2024

देश भर में रामनवमी की धूम, हर्षोल्लास के साथ मनाया गया भगवान राम का जन्मोत्सव

मुज़फ्फर नगर लोकसभा सीट से आप किसे सांसद चुनना चाहते हैं |

नयी दिल्ली- रामनवमी पर्व गुरुवार को देश-दुनिया में श्रद्धा और विश्वास के साथ मनाया गया।

चैत्र मास की शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर पड़ने वाले भगवान राम के जन्म दिवस के रूप में मनाये जाने वाले इस पर्व की राष्ट्रीय राजधानी समेत देश भर में मंदिरों पूजा-अर्चना करने वालों की भीड़ रही। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भंडारों और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया।

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

धार्मिक ग्रंथों और मान्यताओं के अनुसार भगवान राम ने लंकापति रावण का वध कर अहंकार एवं असत्य पर विजय पायी थी।

मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की तपोस्थली चित्रकूट में गुरुवार को राम नवमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। चित्रकूट के सभी मंदिरों में भगवान राम का जन्म उत्सव धूमधाम से मनाया गया।

चित्रकूट में विभिन्न प्रदेशों के अलावा विदेशों से भी लोग अपने गुरु स्थान में भगवान राम का जन्म उत्सव मनाने आए थे। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा पर पड़ने वाले चित्रकूट धाम में आज 11 लाख दीपक जलाए जाएंगे। इस मौके पर जगह-जगह रामचरितमानस का पाठ किया जा रहा है। चित्रकूट के मठ मंदिर के महंत एवं संतों की अगुवाई में होने वाले कार्यक्रम में लाखों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में छत्रपति संभाजीनगर के किराडपुरा इलाके में स्थित राम मंदिर में दोपहर ‘महाआरती’ का आयोजन किया गया। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने ‘महाआरती’ में भाग लिया। विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने शहर भर के कई राम मंदिरों में ‘पूजा’ का आयोजन किया। मराठवाड़ा क्षेत्र के सात अन्य जिलों के राम मंदिरों में भव्य प्रार्थना और आयोजन के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

तेलंगाना के भद्राचलम में स्थित 17वीं शताब्दी के श्री सीता रामचंद्र स्वामी मंदिर में भगवान राम-सीता का दिव्य विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मंदिर में अपराह्न ‘अभिजीत लग्नम’ (मुहूर्त) में ‘जीलकर्रा बेलम’ की रस्म की गयी। जिसके बाद ‘मांगल्य धारणा’ का अनुष्ठान वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विवाह समारोह के तहत किया गया। इसके अलावा, पुजारियों ने रंगारंग तरीके से ‘तालम्बरालु’ का प्रदर्शन किया। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के हजारों भक्तों ने मिलकर सीता-राम विवाह की भव्य तैयारी के बीच जश्न मनाया। तेलंगाना के बंदोबस्ती मंत्री ए इंद्रकरण रेड्डी ने कल्याण महोत्सव के दौरान मंदिर के पीठासीन देवता को राज्य सरकार की ओर से रेशमी कपड़े भेंट किए। श्री रामनवमी के अवसर पर श्री राम-सीता को राज्य की ओर से प्रसाद चढ़ाने की सदियों से परंपरा जारी है। रामनवमी के मौके पर राज्य भर के मंदिरों के आस-पास सुरक्षा के मद्देनजर दो हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। यहां श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा-अर्चना की और कई इलाकों में शोभा यात्रा निकाली। दोनों तेलुगु राज्यों के राज्य सड़क परिवहन निगमों ने भद्राचलम मंदिर में श्री राम नवमी समारोह में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष बसें चलाईं।

केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में कश्मीरी पंडितों ने रामनवमी के अवसर पर बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ शोभा यात्रा निकाली। पारंपरिक पोशाक पहने बच्चों के एक समूह के साथ यात्रा श्रीनगर के टैंकीपोरा क्षेत्र के कथलेश्वर मंदिर से निकाली गई और सुरक्षा व्यवस्था के बीच हब्बाकदल, गणपतियार, बारबर शाह, रीगल चौक, लाल चौक, हरि सिंह हाई स्ट्रीट और जहांगीर चौक की सड़कों से गुजरी। कश्मीरी पंडितों ने ‘हरे राम हरे राम’ के नारे लगाते हुए, यात्रा को शांतिपूर्वक संपन्न की। इसी दौरान, बहुसंख्यक समुदाय के सदस्यों ने भी इस शोभा यात्रा का अभिवादन किया।

बिहार की राजधानी पटना में रामनवमी की धूम मची हुई है। रामनवमी को लेकर पूरा पटना शहर राममय नजर आ रहा

है। मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के जन्मोत्सव को लेकर हर तरफ जय श्रीराम का उद्घोष सुनाई दिया। श्रीराम के जन्मोत्सव के मौके पर पटना स्थित महावीर मंदिर भक्तों की लंबी कतार देखी गयी। जय श्रीराम की गूंज के बीच देर रात से लोग मंदिर में लंबी कतारों में लगना शुरू हो गए थे। तड़के दो बजे आरती होने के बाद भक्तों के लिए महावीर मंदिर का कपाट खोल दिया गया। इसके बाद से लगातार भक्त कतारों के जरिए दर्शन कर रहे हैं। जय श्रीराम के जयघोष, बैंड-बाजे और आकर्षक झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गयी।

झारखंड की राजधानी रांची में श्री रामनवमी महोत्सव के उपलक्ष्य में श्री महावीर मंडल के तत्वाधान में विशाल शोभायात्रा निकाली गयी। यह शोभायात्रा मुख्य मार्ग से होते हुए तपोवन मंदिर पहुंची जहां श्रद्धालुओं ने भगवान श्री राम के चरणों मे श्रद्धा सुमन अर्पित किया ।

रामनवमी की धूम के बीच मध्यप्रदेश के इंदौर में हृदय विदारक हादसे में 11 श्रद्धालुओं की मौत हो गयी और इतनी ही संख्या में लोग घायल हो गये। यहां पटेल नगर स्थित एक प्राचीन बेलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में रामनवमी के पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ जुटी थी। दोपहर में मंदिर परिसर में स्थित पुरानी बावड़ी अचानक धसक गयी। इस वजह से मंदिर परिसर में आए श्रद्धालु उसमें गिर गए। दुर्घटना में 11 श्रद्धालुओं की मौत हो गयी है और इतनी ही संख्यय में लोग घायल हो गये, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,237FansLike
5,309FollowersFollow
47,101SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय