नोएडा। ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर क्षेत्र के साकीपुर गांव में स्थित एक बैंकट हॉल में रविवार देर रात को एक शादी समारोह में हुई हर्ष फायरिंग में गोली लगने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। एक की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए शादी समारोह की सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ली है।
मुज़फ्फरनगर में हथियारों को सौदागर गिरफ्तार, करने जा रहा था सप्लाई, भाई भी हुआ था गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार थाना सूरजपुर क्षेत्र के साकीपुर गांव में स्थित आशीर्वाद मैरिज होम में रविवार की रात को बिसरख गांव के रहने वाले आलोक की बारात आई थी। वहां पर दिल्ली पुलिस सोसायटी ग्रेटर नोएडा में रहने वाली कुमारी प्रज्ञा की उनसे शादी हो रही थी। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया की शादी समारोह के दौरान बारात में आए कुछ लोगों ने रात 10 से 11 बजे के करीब हर्ष फायरिंग करनी शुरू कर दी।
इस दौरान वहां हलवाई का काम कर रहे संतोष उम्र 45 वर्ष पुत्र बीरबल निवासी जनपद मुरैना एवं दयाल उम्र 23 वर्ष पुत्र श्री कृष्णा निवासी जनपद फिरोजाबाद को पिस्टल की गोली जा लगी। उन्होंने बताया कि इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
गोली लगने से वहां पर हड़कंप मच गया। कुछ लोगों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। उन्होंने बताया कि दोनों का उपचार चल रहा है। एक की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीम में लगाई गई है। बारात के दौरान बनाई जा रही वीडियो और मैरिज होम में लगे सीसीटीवी कैमरे की सहायता से आरोपियों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।