![](https://royalbulletin.in/wp-content/uploads/2025/02/IMG-20250213-WA0018-300x140.jpg)
नोएडा। एनसीआर में लूटपाट व चोरी के मामलों में सक्रिय तीन गिरोह के बदमाशों के बीच पुलिस से चेकिंग के दौरान मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में तीन बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। वहीं पुलिस ने इस गिरोह में शामिल कई बदमाशों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। यह मुठभेड़ थाना सेक्टर-113, 39 तथा 24 में हुई। पुलिस ने बदमाशों के पास से असलहा, चोरी की कार, बाइक समेत अन्य सामान बरामद किया है। मुठभेड़ में पकड़े गए बदमाशों के खिलाफ एनसीआर के विभिन्न थानों में 46 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) राम बदन सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर 113 पुलिस देर रात को जोडियक तिराहे के पास चैकिंग कर रही थी, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो बदमाश आते हुए दिखाई दिए। उन्होंने बताया कि शक होने पर पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। बदमाश रुकने की बजाए पुलिस पार्टी पर गोली चलाते हुए भागने लगे। उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली धीरज उर्फ धीरेंद्र परिहार उर्फ लंबू उर्फ कनपुरिया पुत्र अंगद निवासी जनपद हमीरपुर के पैर में लगी है।
उन्होंने बताया कि इसका एक साथी अंकुर गुप्ता पुत्र अशोक गुप्ता निवासी मंडावली दिल्ली मौके से भाग गया था। उन्होंने बताया कि कांबिंग के दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बदमाशों ने पुलिस को बताया है कि वे लोग लूटपाट और चोरी की वारदातें करते हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार बदमाश धीरज के खिलाफ पूर्व में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के विभिन्न थानों में लूटपाट सहित विभिन्न धाराओं में 19 मुकदमे दर्ज हैं।
थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में हुए मुठभेड़ की जानकारी देते हुए अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) सुमित शुक्ला ने बताया कि बीती रात को थाना सेक्टर-39 पुलिस सेक्टर-46 के पास चेकिंग कर रही थी, तभी सेक्टर 47-48 की लाल बत्ती की तरफ से दो गाड़ी आती हुई दिखाई थी। जिन्हें देखकर चेकिंग हेतु रुकने का इशारा किया गया। उन्होंने बताया कि कार सवार बदमाश पुलिस द्वारा इशारा करने के बावजूद भी नहीं रुके। उन्होंने बताया कि बदमाश वहां से भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया, तथा सेक्टर 42 के जंगल के पास घेर लिया। उन्होंने बताया कि अपने आप को पुलिस से घिरा हुआ देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई।
उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा चलाई गई गोली एक बदमाश सहदेव पुत्र सुखदेव निवासी बेगूसराय बिहार के पैर में लगी है। उन्होंने बताया कि इसके दो साथी योगेंद्र सैनी पुत्र नरेंद्र सैनी निवासी उत्तम नगर दिल्ली तथा अनस पुत्र मुकीम निवासी जहांगीरपुर थाना जेवर मौके से भाग गए थे। काबिग के दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने देसी तमंचा, चोरी की एक कार बरामद किया है। उन्होंने बताया कि अभियुक्त सहदेव के खिलाफ पूर्व में एनसीआर के विभिन्न थानों में 14 मुकदमे, योगेंद्र सैनी के खिलाफ तीन मुकदमे, तथा अनस के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज है।
अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) ने बताया कि थाना सेक्टर 24 पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली एक बदमाश के पैर में लगी है। मौके से भागे घायल बदमाश के एक साथी को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया है। बदमाशों के पास से चोरी की बाइक, तमंचा और कारतूस समेत अन्य सामान बरामद हुआ है।उन्होंने बताया कि थाना पुलिस द्वारा सेक्टर-57 से सेक्टर-54 चौकी की तरफ जाने वाली सड़क पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान खोडा कॉलोनी की तरफ से सेक्टर-54 की तरफ एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। जिनको संदिग्ध प्रतीत होने पर रुकने का इशारा किया गया। जिसपर मोटरसाइकिल सवार दोनो व्यक्ति पीछे मुड़कर भागने का प्रयास करने लगे।
पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर मोटरसाइकिल सवार दोनों व्यक्ति असंतुलित होकर डिवाइडर से टकराकर वहीं गिर गए और एक बदमाश द्वारा पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर किया गया। पुलिस टीम द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान दिल्ली के गाजीपुर निवासी अमन पाल के रूप में हुई है। अमन के कब्जे से एक अवैध तमंचा बरामद हुआ ।
दूसरे बदमाश को घेरेबंदी के दौरान गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान दिल्ली के मयूर विहार निवासी राज चौहान के रूप में हुई है। दोनों बदमाशों ने कुछ दिन पहले सेक्टर-24 थानाक्षेत्र से पैशन प्रो बाइक चोरी की थी। दोनों के पास से वही बाइक बरामद हुई है। दोनों ही शातिर किस्म के अपराधी हैं जो दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में भीड़भाड़ वाले स्थान पर खड़ी मोटरसाइकिल की रेकी करने के बाद चोरी करते हैं। घायल बदमाश अमन के खिलाफ दिल्ली और नोएडा के अलग-अलग थानों में सात मुकदमे दर्ज हैं। वहीं उसके साथी के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। दोनों के अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।