मेरठ। दौराला थाना क्षेत्र के मवी मीरा गांव में दिनदहाड़े महिला को गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटना से इलाके में दहशत फैल गई है। महिला को गोली मारकर आरोपी फरार हो गए। मौके से पिस्टल के दो खोखे बरामद हुए हैं। पुलिस जांच में जुटी है।
मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र के मवीमीरा गांव में दिन निकलते ही बाइक सवार युवक ने मायके आई एक महिला पर बीच गांव में गोलियां बरसा दी। गोलियों की आवाज सुनकर गांव में दहशत फैल गई। आरोपी मौके से भागने में सफल रहे। गंभीर हालत में महिला को मोदीपुरम स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
मवीमीरा गांव निवासी सोनी पुत्री सुभाष की शादी दस साल पहले खतौली के हाजीपुर गांव निवासी सतेंद्र से हुई थी। सोनी की शादी बड़ी बहन अलका के देवर से हुई थी। कुछ विवाद के चलते सोनी अपने पति से अलग हो गई थी। पिता सुभाष ने बताया कि 20 दिन पहले सोनी की दूसरी शादी चांद शमन निवासी रविंद्र के साथ हुई थी। फिलहाल सोनी अपने मायके आई हुई थी।
सोनी मंगलवार सुबह भाई अनुज फौजी के मकान से अपने दूसरे मकान पर पैदल आ रही थीं। जैसे ही वह बीच गांव में बड़े मंदिर के समीप पहुंची इसी दौरान बाइक सवार युवक ने सोनी पर गोलियां बरसा दी। सोनी को दो गोली लगी। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और ग्रामीण घरों में दुबक गए, जिस कारण आरोपी मौके से आसानी से भाग निकला।
घायल हालत में सोनी को मोदीपुरम स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली और घटना स्थल से पिस्टल के दो खोखे बरामद किए। सुभाष के चार बेटी और दो बेटे हैं। सोनी तीसरे नंबर की है।