मेरठ। शहर के थाना रेलवे रोड क्षेत्र के न्यू प्रेमपुरी की रहने वाली एक बुजुर्ग महिला के घर पर हथियारबंद तीन नकाबपोश बदमाशों ने शनिवार दिन निकलते ही धावा बोला। बदमाशों ने हथियार के बल पर बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर घर में रखी लाखों रुपए के जेवरात,नगदी और महिला का मोबाइल लूट लिया। किसी तरह महिला के शोर मचाने के बाद आसपास के लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
![](https://royalbulletin.in/wp-content/uploads/2024/05/IMG_20240504_175237.jpg)
घटना की सूचना पर एसएसपी समेत तमाम पुलिस अफसर दल बल समेत मौके पर पहुंचे। बदमाशों की पहचान के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी रही खंगाल पुलिस ने शक के आधार पर कुछ युवकों को हिरासत में लिया है,जिनसे पूछताछ की जा रही है। लूट की शिकार महिला का नाम प्रतिमा मंडल है। प्रतिमा मंडल के पिता जोगेश मंडल आर्मी से रिटायर हैं, और उनकी पेंशन के सहारे प्रतिमा अपना गुजर बसर करती है। एसएसपी डा.विपिन टांडा ने घटना के बारे में बताया कि थाना रेलवे रोड क्षेत्र में रहने वाली एक महिला के घर पर आकर तीन युवकों ने लूट की है।
महिला की शिकायत के अनुसार बदमाश नकदी,जेवरात व मोबाइल लूट कर ले गये हैं। कुल मिला कर करीब डेढ़ लाख की लूट है। घटना के संबंध में शक के आधार पर कुछ अभियुक्तों को हिरासत में लिया है,जिनसे पूछताछ की जा रही है। लूट की शिकार प्रतिमा मंडल ने बताया कि शनिवार सुबह उनके घर में तीन नकाबपोश बदमाश घुस गए और उन्हें गन पॉइंट पर लेकर घर में रखी ज्वेलरी सहित नगदी लूट ली।
पीड़ित महिला ने बताया कि बदमाश करीब आधा घंटा उनके मकान में रुके और घर का चप्पा चप्पा छानते हुए सब कुछ लूटकर ले गए। बदमाशों ने जाते समय महिला को एक कमरे में बंधक बना दिया घंटे बाद प्रतिमा मंडल किसी तरह कमरे से आजाद हुई और मामले की जानकारी पुलिस को दी।