देहरादून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शिक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की भी सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। जब समाज शिक्षा को प्राथमिकता देगा और उसमें योगदान देगा, तभी बेहतर और उज्ज्वल भविष्य की नींव रखी जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि पहले शिक्षक के हाथ में छड़ी होती थी, लेकिन अभिभावक नाराज नहीं होते थे, क्योंकि वे जानते थे कि शिक्षक बच्चों के भविष्य निर्माण के लिए कार्य कर रहे हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को न केवल शिक्षा देते थे, बल्कि देश और दुनिया की नवीनतम घटनाओं से भी अवगत कराते थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ राजकीय प्राथमिक विद्यालय ठांगर के नव निर्माण, सौंदर्यीकरण कार्य व ग्राम पंचुर बारात घर का लोकार्पण किया। इस दौरान आईजीएल (इंडिया ग्लाइकोल्स लिमिटेड) की वार्षिक पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। दोनों मुख्यमंत्रियों ने राजकीय जूनियर हाई स्कूल कांडी व राजकीय प्राथमिक विद्यालय विथ्याणी का भी लोकार्पण किया और बच्चों से संवाद कर विद्यालयों का अवलोकन किया।
इस अवसर पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राजकीय प्राथमिक विद्यालय ठांगर में उन्होंने 5वीं कक्षा तक पढ़ाई की है और आज विद्यालय में आकर उन्हें अपार प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है। विद्यालय अब एक नए स्वरूप और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होकर दिख रहा है। पिछले एक वर्ष में यहां कई महत्वपूर्ण गतिविधियां संचालित की गई हैं, जो सराहनीय हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने के लिए उत्तराखंड सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को शुभकामनाएं दी। कहा कि आईजीएल (इंडिया ग्लाइकोल्स लिमिटेड) ने स्मार्ट क्लासरूम, अत्याधुनिक लैब, वॉशरूम और वर्चुअल क्लास जैसी सुविधाएं प्रदान की गई हैं। पहले इतने संसाधन उपलब्ध नहीं थे, लेकिन आज टेक्नोलॉजी के प्रभावी उपयोग से शिक्षा के क्षेत्र में बड़े बदलाव आ रहे हैं।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समस्त उत्तराखंडवासियों की ओर से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि यह हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है कि मुख्यमंत्री योगी इसी देवभूमि उत्तराखंड से हैं। समस्त उत्तराखंड की जनता उनके प्रति अपार स्नेह और सम्मान रखती है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री योगी से प्रयागराज से मेरठ तक बन रहे गंगा एक्सप्रेस-वे को हरिद्वार तक विस्तारित करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार विकल्प रहित संकल्प के मंत्र पर कार्य कर रही है, और अच्छी व गुणवत्ता युक्त शिक्षा देने के संकल्प को साकार कर रही है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शिक्षक रहे राजेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि योगी आदित्यनाथ की शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता और परिश्रम ही उनकी सफलता की कुंजी है। उनके व्यक्तित्व और कार्यशैली ने हमेशा प्रेरणा दी है।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, विधायक यमकेश्वर रेनू बिष्ट आदि मौजूद रहे।