गाजियाबाद। प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने साप्ताहिक पैंठ बाजार नहीं हटाए जाने का जो आदेश दिया, उसका कोई असर गाजियाबाद पुलिस पर नहीं हुआ। पुलिस साप्ताहिक पैंठ बाजार नहीं लगने दे रही है। जो किसी तरह लग रहे हैं, उन्हें हटवा रही है। मंगलवार की शाम पांच बजे इंदिरापुरम के काला पत्थर रोड पर पहुंचे व्यापारियों को 20-25 पुलिसवालों ने पैंठ लगाने से रोक दिया। व्यापारियों ने इस कार्रवाई का विरोध किया।
आरोप है कि पुलिसवालों ने लाठी फटकार कर उन्हें भगा दिया। इसमें कई व्यापारियों को चोटें आई हैं। रात करीब 10.30 बजे तक हंगामा चलता रहा।
मुजफ्फरनगर में पुलिस ने युवकों को दी थर्ड डिग्री, भाकियू ने थाने का घेराव करके की जमकर नारेबाजी
इसकी जानकारी होने पर लोनी से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर पहुंच गए। उनके आने पर व्यापारियों ने हंगामा शुरू कर दिया। व्यापारियों ने कहा कि पुलिस उनसे रोजी रोटी छीन रही है। विधायक ने कहा कि वह लखनऊ जाकर मुख्य सचिव से पूछेंगे कि उनके आदेश का पालन क्यों नहीं हो रहा है। विधायक के आने के बाद व्यापारी सामान बेचने लगे। विधायक भी एक दुकान पर बर्तन बेचने लगे। रात करीब 10.30 बजे तक विधायक ने दुकान लगाकर बर्तन बेचे। इसके बाद दुकानदार वापस चले गए।
मुज़फ्फरनगर में शिक्षिका ने मेधावी छात्रा को दे दिए जानबूझकर नंबर कम, प्रबंध समिति ने किया निलंबित
विधायक नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि पैंठ व्यापारी सस्ते दाम में सामान बेचते हैं। गरीब लोगों को पैंठ का ही सहारा है। इसके बावजूद पुलिस इन दुकानदारों से रोजी रोटी छीनने का काम कर रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। अगर पुलिस ने पैंठ बाजार नहीं लगने दिए तो वह कमिश्नर आवास पर सब्जी बेचकर विरोध जताएंगे।
पैंठ बाजार में आए दुकानदार रामपाल ने कहा कि उनके सामने ही पुलिस ने लाठियां फटकारी। कई व्यापारियों को लाठी लगने और गिर जाने से चोट आई है। जिन लोगों को चोट आई, उनमें एक युवक भी है, जो थैला बेचने के लिए आया था। पुलिस ने लाठी तब फटकारी जब दुकानदारों ने पैंठ बाजार हटाने से मना कर दिया।
पुलिस का साप्ताहिक पैंठ हटाने का अभियान सात दिन से चल रहा है। अभियान शुरू होते ही इसका विरोध होने लगा।
पांच दिन पहले लोनी के विधायक नंद किशोर गुर्जर का साथ मिल गया। इसके बाद विरोध और तेज हो गया।
विरोध होता देख नगर निगम ने एक कमेटी बना दी, जो पैंठ बाजार के लिए वैकल्पिक स्थान की तलाश कर रही है।
नगर निगम के एक कार्यक्रम में आए मुख्य सचिव ने आदेश दिया कि नई जगह मिलने तक पैंठ बाजार न हटाए जाएं।