Wednesday, May 8, 2024

भाजपा ने चंबल के बीहड़ों से किया डाकुओं का सफाया, अब कांग्रेस का भी करना है- मोहन यादव

मुज़फ्फर नगर लोकसभा सीट से आप किसे सांसद चुनना चाहते हैं |

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाह के समर्थन में करेरा विधानसभा एवं गुना लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थन में कोलारस विधानसभा के बदरवास एवं बामोरी विधानसभा के म्याना में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक समय चंबल के बीहड़ों में डाकुओं का आतंक था। दिन-दहाड़े डाकू लोगों को उठा ले जाते थे, लेकिन इन डाकुओं के राज में कांग्रेस ने लोगों को लावारिस छोड़ दिया। कांग्रेस की तत्कालीन सरकार उनकी रक्षा तक नहीं कर पाई। इसके बाद भाजपा की सरकार ने चंबल के बीहड़ों से डाकुओं का पूरा सफाया कर दिया। अब ऐसा ही सफाया कांग्रेस पार्टी का भी करना है। कांग्रेस पार्टी वोट की भूखी है।

कांग्रेस के माथे पर कलंक, कांग्रेस के लोग अहंकारी

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने श्रीराम के आमंत्रण को ठुकराकर महापाप किया है, ये कांग्रेस का अहंकार है। कांग्रेस के नेता हमेशा से श्रीराम मंदिर के निर्माण में अड़ंगा लगाते रहे। उन्होंने कभी भी श्रीराम मंदिर की चिंता नहीं की। वे तो श्रीराम मंदिर के नाम पर अपनी राजनीति चलाते रहे, हिन्दु-मुसलमानों के बीच में फूट डालते रहे, लेकिन जब सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आया तो पूरे देश ने उच्चतम न्यायालय के इस निर्णय का स्वागत किया, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के निर्णय पर भी कांग्रेस पार्टी ने आपत्ति उठाई। ये कांग्रेस की सोच है। कांग्रेस ने कभी भी देश की चिंता नहीं की, उन्होंने तो सिर्फ एक परिवार को बचाने की चिंता की है।

कांग्रेस हड़पना चाहती है हमारी संपत्ति

उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमारे देश के गरीबों, आदिवासी, पिछड़ों, दलितों की संपत्ति को हड़पना चाहती है। इन्होंने अपने घोषणा पत्र में कहा है कि इस देश के अंदर संसाधनों का आर्थिक सर्वे कराएंगे। राहुल गांधी के गुरू सैम पित्रोदा कह रहे हैं कि अमेरिका में एक बहुत अच्छा टैक्स है, हम उसको भारत में लागू करवाएंगे। कांग्रेस शासनकाल के तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जो पहले कहते थे कि इस देश के ऊपर सबसे पहला अधिकार मुसलमान बंधुओं का है। यही बात अब कांग्रेस अपने घोषणा पत्र में भी कह रही है। भाजपा सरकार मुसलमानों का सच्चा सम्मान करती है, तभी तो हमने मिसाइल मैन एपीजे अब्दुल कलाम को देश का राष्ट्रपति बनाया। रसखान ने भगवान श्रीकृष्ण की अच्छी स्तुति गाई तो हमने उनका भी सम्मान किया।

संवेदनशील है भाजपा की सरकार

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार बेहद संवेदनशील सरकार है। गुना में जब सड़क हादसा हुआ तो इस हादसे पर सरकार ने एक्शन भी तुरंत लिया। सारे काम छोड़कर गुना में पीड़ितों के बीच पहुंचकर स्थिति देखी। यह संवेदनशील सरकार है। हमारी संवेदना आम जनता के साथ जुड़ी हुई है। हमारी सरकार गरीबों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। जिसकी जो जबावदेही है, उसको जबाव देना पड़ेगा। हादसे के बाद इसके जिम्मेदारों पर तुरंत एक्शन लिया गया। गरीबों के साथ कोई अत्याचार हो, उसको सहन नहीं किया जाएगा।

देश के जवान और किसानों को सम्मान दिलाया

उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा से देश के जवानों और किसानों को उनका सम्मान दिलाने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सीमा रेखा पर जाकर जवानों के साथ दीवाली मनाई, पटाखे चलाए, लेकिन यह काम कांग्रेस की सरकारों में कभी नहीं हुआ। आजादी के बाद पहली बार ऐसा हुआ जब किसानों के लिए 6 हजार रुपये महीना सीधा उनके खाते में भिजवाए गए। केन्द्र और राज्य सरकार के माध्यम से 10 हजार रुपये की राशि किसानों को सम्मान निधि के रूप में दी गई। प्रदेश की भाजपा सरकार ने अपने 100 दिनों के कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।

नहीं होगी कोई भी योजना बंद

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की कोई भी योजना बंद नहीं होगी। कांग्रेस के लोग अफवाह फैला रहे हैं कि लाड़ली बहना योजना बंद कर दी जाएगी, लेकिन माताएं, बहनों चिंता मत करना, कोई भी योजना बंद नहीं होगी। लाड़ली बहना योजना का पैसा हर माह खातों में पहुंचता रहेगा। जिसका नाम योजना में छूट गया है, उसका नाम भी चुनाव के बाद जोड़ा जाएगा। हमारी सरकार गरीबों की सरकार है। सबको साथ लेकर चलने वाली सरकार है। सबका भला करने वाली सरकार है। भाजपा सरकार में जो योजनाएं शुरू की गईं हैं वे सब चलती रहेंगी, कोई भी योजना बंद नहीं की जाएगी।

इस बार का वोट भगवान श्रीकृष्ण के लिए पड़ेगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार 2014 में आपने वोट दिया तो देश से आतंकवाद का खत्म किया। आज पूरे देश में शांति है। एकता, अखंडता बरकरार है। दूसरी बार वोट दिया तो 5 साल के अंदर 70 साल से लटके हुए श्रीराम जन्म भूमि मामले पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला भी आ गया और अब भगवान श्रीराम अपने गर्भगृह में मुस्कुरा रहे हैं। अब तीसरी बार का वोट मथुरा के लिए डलना चाहिए, ताकि अगले पांच साल में मथुरा में भी भगवान श्रीकृष्ण की भी जय-जयकार हो।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,237FansLike
5,309FollowersFollow
47,101SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय