Saturday, October 26, 2024

भाजपा ने उत्तर प्रदेश को खोखला कर दिया, विभागों में लूट मची है : अखिलेश यादव

लखनऊ । समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार देश की अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार है। भाजपा के लोगों ने उत्तर प्रदेश को खोखला कर दिया है। जिले से लेकर प्रदेश के हर विभाग में लूट मची है। बजट की लूट हो रही है।

अखिलेश यादव शुक्रवार को करहल विधानसभा क्षेत्र के दिव्हुली में चौधरी नत्थू सिंह यादव डिग्री कॉलेज में पूर्व मंत्री सुभाष चन्द्र यादव के जन्मोत्सव पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

उन्होंने कहा कि इस सरकार ने किसानों, नौजवानों, व्यापारियों सभी को धोखा दिया है। मंडियों को बर्बाद कर दिया। सड़कों का निर्माण बेहद घटिया स्तर का है। ठेकेदार और अधिकारी मिलकर बजट लूट रहे हैं। इस सरकार में जिन सड़कों का निर्माण हुआ था सब टूट गयी। समाजवादी सरकार में बनी सड़के अभी भी उसी तरह मजबूत है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जैसा भ्रष्टाचार कभी किसी ने नहीं देखा होगा। पिछले दिनों एक अधिकारी के घर से चोरी की खबर आयी। चोरी कोई हजारों, लाखों में नहीं कई करोड़ों में थी लेकिन उसकी जांच नहीं हो रही है। सोचिए कितना भ्रष्टाचार चल रहा है। एक जिलाधिकारी का आडियो वायरल हुआ वह कमीशन तय कर रहे थे। जिलाधिकारी से लेकर हर जगह भ्रष्टाचार हो रहा है। जो लोग दूसरों पर लूट का आरोप लगाते थे और बदनाम करते थे वही लोग आज लूट रहे है।

भाजपा प्रदेश की अर्थव्यवस्था वन ट्रिलियन डॉलर बनाने का सपना दिखा रही है। भाजपा की बात जनता की समझ में नहीं आयेगी। ये लोग काम ही ऐसा करते है जिसे कोई समझ न पाये। पहले जीरो टॉलरेंस की बात करते थे। उसकी पोल खुल गयी। अब कह रहे है कि वन ट्रिलियन डॉलर इकोनामी बनाएंगे। वन ट्रिलियन डॉलर इकोनामी का सपना दिखाने वालो ने बिजली का बिल बढ़ा दिया। सब चीजें महंगी कर दी। आम जनता गरीब महंगाई से परेशान है। पहले जो चीजें कम पैसे में आती थी आज महंगी हो गई। भाजपा सरकार में पैसे की वैल्यू कम हो रही है। ज्यादा पैसे में कम चीजें मिलने लगी हैं। डीजल, पेट्रोल की कीमत लगातार बढ़ती गई। खाने-पीने की चीजें भी महंगी हो गयी हैं। सरकार को महंगाई कम करने की कोई फिक्र नहीं है। नौजवानों को नौकरी, रोजगार नहीं मिल रहा है। इसके लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि सड़कों छुट्टा जानवर घूम रहे हैं। इन छुट्टा जानवरों के हमलों से प्रदेश में सैकड़ों मौते हो चुकी है। पिछले विधानसभा चुनाव के समय प्रधानमंत्री जी ने एक सप्ताह में छुट्टा जानवरों की समस्या के समाधान करने का वादा किया था लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ। भाजपा सरकार में किसान समस्याओं से घिरा हुआ है। उसे कोई सुविधा नहीं मिल रही है। डीएपी और अन्य खाद नहीं मिल रही है। डीएपी को लेकर किसान लम्बी-लम्बी लाईनों में इंतजार करते हैं। लाईनों में मारपीट होती है। चित्रकूट में डीएपी न मिलने से एक किसान को आत्महत्या करनी पड़ी। भाजपा के छोटे नेता और कार्यकर्ता सहकारी समितियों पर पैसा कमाने और दलाली में लग गये हैं। समाजवादी सरकार में हमने सड़कों और एक्सप्रेस-वे के किनारे मंडिया बनाने का काम किया। जिससे किसानों, गरीबों को कीमत और सुविधा मिले।

अखिलेश यादव ने कहा कि करहल से नेताजी और समाजवादियों का बहुत पुराना अटूट रिश्ता है। उपचुनाव में करहल में ऐतिहासिक परिणाम आयेगा। तेज प्रताप यादव ऐतिहासिक वोटों से जीतेंगे। इस उपचुनाव में पीडीए परिवार ने संकल्प लिया है कि करहल में भाजपा की हार का रिकॉर्ड बनेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा जानती है वह करहल और मिल्कीपुर कभी नहीं जीत पायेगी। मिल्कीपुर में तमाम प्रयासों के बावजूद इंटरनल सर्वे में हार रही है इसीलिए वहां चुनाव टाल दिया। भाजपा के लोग करहल का भी गणित जानते हैं कि वे हार रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेरी करहल की जनता से अपील है कि वह इतने रिकार्ड वोटों से भाजपा को हराये जिससे भाजपा दुबारा कभी चुनाव लड़ने की न सोंचे।

अखिलेश यादव ने कहा कि उपचुनाव के तुरन्त बाद विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू हो जाएगी। प्रदेश में भाजपा की सरकार जाने वाली है। यूपी के बाहर जाते ही भाजपा देश से भी बाहर हो जाएगी। इंडिया गठबंधन ने लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराया है। हम भाजपा को हराने का फार्मूला जान गये हैं। लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की हार से भाजपा वालों की नींद उड़ गयी है। जब वे एक करवट सोते हैं तो उत्तर प्रदेश की हार याद आती है और दूसरी करवट सोते हैं तो अयोध्या की हार याद आ जाती है।

कन्नौज में हार के चलते हटाई गई महादानी सम्राट हर्षवर्धन की प्रतिमा

अखिलेश यादव ने लखनऊ जाते समय रास्ते में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश में समय-समय पर जो भी सरकारें रही वह यह प्रयास करती है कि उसके शासन में कुम्भ का आयोजन अच्छा हो,लोगों को रोजगार मिले, साधु-संत और धार्मिक लोग जो आते हैं उनका सम्मान हो, उन्हें सुरक्षित व्यवस्था मिले। ​महादानी सम्राट हर्षवर्धन उनकी वहां संगम क्षेत्र में प्रतिमा लगी थी। कोई भी वहां आता था वह सबसे पहले उनके दर्शन करती थी। भाजपा इतिहास मिटाते मिटाते कन्नौज और पूरे देश के महादानी का भी सम्मान मिटाने लगी है। कन्नौज से बीजेपी हार गई इसलिए इन लोगों ने महादानी सम्राट हर्षवर्धन जी की प्रतिमा हटाई है। समय आने पर समाजवादी लोग उनको सम्मान के साथ-साथ उनकी संगम क्षेत्र तथा कन्नौज में सबसे सुंदर, सबसे अच्छी और कीमती प्रतिमा लगाने का काम करेंगे।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,306FansLike
5,445FollowersFollow
129,386SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय