Wednesday, May 1, 2024

अर्जुन मेघवाल को ‘भ्रष्ट’ कहने पर बीजेपी ने कैलाश मेघवाल को सस्पेंड किया, केंद्रीय कानून मंत्री पर लगाए थे गंभीर आरोप

मुज़फ्फर नगर लोकसभा सीट से आप किसे सांसद चुनना चाहते हैं |

जयपुर । भाजपा ने हाल ही में एक बैठक के दौरान केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल को “भ्रष्ट” कहने के बाद बुधवार को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल को पार्टी से सस्पेंड कर दिया। कैलाश मेघवाल ने बुधवार को जयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी के नोटिस का अपना जवाब सार्वजनिक किया।

उन्होंने कहा, ”बीजेपी ने मुझे निष्कासित कर दिया है, मैं चुनाव लड़ूंगा और बीजेपी उम्मीदवार को हजारों वोटों से हराऊंगा।” उन्होंने कहा, ”मैंने पीएम नरेंद्र मोदी को एक लंबा पत्र लिखा है।”

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

जोशी ने कैलाश मेघवाल को 29 अगस्त 2023 को भाजपा राजस्थान कोर कमेटी के सदस्य एवं 2023 में भाजपा राजस्थान चुनाव संकल्प समिति के अध्यक्ष अर्जुन राम मेघवाल पर सार्वजनिक सभा में आरोप लगाकर भाजपा का अनुशासन भंग करने के आरोप में निलम्बित किया है।

उल्लेखनीय है कि 29 अगस्त को कैलाश मेघवाल को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। प्रदेश अध्यक्ष जोशी ने यह प्रकरण अनुशासन समिति के अध्यक्ष औंकार सिंह लखावत को आगामी कार्रवाई के लिए भेजा है।

इससे पूर्व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में, मैं चुनाव लड़ूंगा और भाजपा उम्मीदवार को हजारों वोटों से हराऊंगा। विधायक कैलाश मेघवाल ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं पर हमला भी बोला। उन्होंने कहा कि अर्जुन मेघवाल जैसा भ्रष्ट व्यक्ति देश का कानून मंत्री कैसे हो सकता है। राजस्थान में भाजपा गुटों में बंटी हुई है। वसुंधरा राजे के खेमे को पूरी तरह समाप्त करने की साजिश की जा रही है।

मेघवाल ने बुधवार को पत्रकार वार्ता कर पार्टी की ओर से दिए गए नोटिस के जवाब को सार्वजनिक किया। मेघवाल ने कहा कि अर्जुन मेघवाल भ्रष्ट अफसर रहे हैं। उद्योग सेवा से लेकर कलेक्टर रहने तक अर्जुन मेघवाल ने कई भ्रष्टाचार किए। उन्होंने चूरू में कलेक्टर रहते हुए शहीद सैनिक की वीरांगना के कोटे की जमीन हाउसिंग बोर्ड से गलत लोगों को आवंटित की थी। इसकी शिकायत हुई और एसीबी ने मामला दर्ज किया। दो बार जांच हुई। दबाव में एफआर पेश की। सेशन कोर्ट जज ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि इस केस में दबाव बनाया जा रहा है।

मेघवाल ने कहा कि मैंने पीएम मोदी को भी अर्जुन मेघवाल को हटाने के लिए चिट्ठी लिखी है। अर्जुन मेघवाल ने चुनाव आयोग को झूठा एफिडेविट दिया। अर्जुन मेघवाल ने चुनावी हलफनामे में अपने खिलाफ चल रहे भ्रष्टाचार के केस की जानकारी नहीं दी। चुनावी एफिडेविट में गलत जानकारी देना कानूनी अपराध है। इनके खिलाफ केस चल सकता है। मंत्री पद के साथ सांसदी जा सकती है। मैंने ये सारी बातें प्रधानमंत्री को लिख कर दी हैं। मैं उम्मीद करता हूं कि प्रधानमंत्री इस पर एक्शन लेंगे। अर्जुन मेघवाल जैसे भ्रष्ट व्यक्ति को देश का कानून मंत्री नहीं बनाया जाना चाहिए। जब ऐसे भ्रष्ट व्यक्ति को कानून मंत्री बनाया गया तो मैंने सबूत इकट्ठा करना शुरू किया और इसे हटाने के लिए प्रधानमंत्री को चिट्ठी लिखी है। एक भ्रष्ट व्यक्ति देश का कानून मंत्री कैसे हो सकता है।

कैलाश मेघवाल ने कहा कि अर्जुन मेघवाल ने महाराष्ट्र के एक नेता से टिकट दिलवाने के लिए डेढ़ करोड़ रुपए लिए और उसे टिकट भी नहीं मिला। उसके बाद वह व्यक्ति कई पार्टी नेताओं के पास गया और पैसा वापस दिलवाने का आग्रह किया। ऐसे कई भ्रष्ट कारनामे अर्जुन मेघवाल ने किए हैं। मेघवाल ने कहा कि मैं कभी इस पार्टी में हीरो था, आज मैं हीरो से जीरो हूं। आज बीजेपी चार यात्राएं निकाल रही है, कहीं एक भी जगह मुझे देख रहे हो। 2003 में और 2013 में जो यात्रा निकली, उसमें मुझे प्रमुखता दी गई थी। आज मुझे साइड लाइन कर दिया गया। मैं साइड लाइन नहीं रहूंगा। कैलाश मेघवाल ने कहा कि राजस्थान में भाजपा कई गुटों में बंटी हुई है और एक गुट है जो वसुंधरा राजे को पूरी तरह अनदेखा कर रहा है। भाजपा ऊपर से लेकर नीचे तक पूरी तरह गुटों में बंटी है। वसुंधरा राजे के समर्थकों को चुन-चुन कर बाहर किया जा रहा है। मैं वसुंधरा के खेमे में माना जाता हूं और वसुंधरा के खेमे को पूरी तरह समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। वसुंधरा राजे क्या निर्णय लेती हैं, वह जानें, लेकिन मैंने अपना स्टैंड ले लिया है। सीपी जोशी, राजेंद्र राठौड़, सतीश पूनियां गुटबाजी कर रहे हैं। पार्टी को गड्ढे में डाला गया है।

कैलाश मेघवाल ने कहा कि भाजपा में आयातित नेता हावी हैं। सीपी जोशी एनएसयूआई से आए हुए हैं। नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ जनता पार्टी से आए हैं। दोनों का ही भाजपा की विचारधारा से कोई लेना-देना नहीं है। ये सुविधा की राजनीति करने आए हुए लोग हैं। सीपी जोशी पुराना कांग्रेसी है। वल्लभनगर सीट पर वह अपना कैंडिडेट लाया और उसकी जमानत जब्त हुई। मेघवाल ने कहा कि राजस्थान भाजपा का स्वास्थ्य ठीक नहीं है, इसलिए देश के सारे नेताओं को यहां लाया जा रहा है। प्रधानमंत्री से लेकर जेपी नड्डा और बड़े-बड़े मंत्रियों को यहां पर उतारा जा रहा है। सारे पदाधिकारियों को राजस्थान में लगाया जा रहा है। अगर हालत ठीक होते तो हिंदुस्तान की पूरी सरकार राजस्थान में क्यों उतर रही है?

मेघवाल ने कहा कि अशोक गहलोत अच्छा काम करते हैं तो तारीफ करता हूं। राजस्थान में भाईचारे की राजनीति रही है और इस भाईचारे की राजनीति में मेरे सबसे अच्छे संबंध हैं। कोई ऐसा नहीं है जिससे मेरे रिश्ते खराब हों।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,237FansLike
5,309FollowersFollow
47,101SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय