नयी दिल्ली- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पहली बार विधायक बनी पार्टी की वफादार एवं गैर विवादित नेता रेखा गुप्ता को दिल्ली की नयी मुख्यमंत्री चुना है, जो तीन दशक तक भाजपा के विभिन्न पदों पर आसीन रही हैं।
श्रीमती गुप्ता (50) दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री और श्रीमती सुषमा स्वराज, श्रीमती शीला दीक्षित और श्रीमती आतिशी के बाद दिल्ली सरकार की कमान संभालने वाली चौथी महिला बन गई हैं। आप नेता आतिशी श्रीमती गुप्ता की पूर्ववर्ती थीं, जो हाल के चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल और पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया की हार के बाद अगले पांच सालों तक विधानसभा में विपक्ष का चेहरा हो सकती हैं।
श्रीमती गुप्ता का जन्म हरियाणा में जींद जिले के नंदगढ़ गांव में 1974 हुआ था। उनके पिता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में अधिकारी थे। वर्ष 1976 में श्रीमती गुप्ता का परिवार दिल्ली आ गया। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा राष्ट्रीय राजधानी तथा उत्तर प्रदेश के मेरठ से पूरी की। उन्होंने बीकॉम की उपाधि दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज से हासिल की, जबकि मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से 2022 में एलएलबी की पढ़ाई पूरी की।
दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी रेखा गुप्ता, गुरूवार को लेंगी शपथ !
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की सदस्य श्रीमती गुप्ता ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के साथ एक छात्र नेता के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की। वह 1996-97 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डीयूएसयू) की अध्यक्ष चुनी गयीं। इसके बाद उन्होंने नागरिक राजनीति में किस्मत आजमायी और तीन बार पार्षद बनीं तथा दक्षिण दिल्ली नगर निगम की मेयर भी रहीं। उन्होंने 2022 में दिल्ली नगर निगम के मेयर पद के लिए ‘आप’ की शैली ओबेरॉय के खिलाफ भी चुनाव लड़ा था।
मुज़फ्फरनगर में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा का अनावरण 20 मार्च को, रालोद ने बनाई रणनीति
श्रीमती गुप्ता ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग निर्वाचन क्षेत्र में आम आदमी पार्टी की बंदना कुमारी पर 29,000 से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की। वह 2015 और 2020 के विधानसभा चुनावों में इसी प्रतिद्वंद्वी से हार गयी थीं।रेखा गुप्ता की शादी दिल्ली के बिजनेसमैन मनीष गुप्ता से हुई है. उनके दो बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) हैं.
श्रीमती गुप्ता भाजपा की दिल्ली इकाई की महासचिव और पार्टी की महिला शाखा – महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रही हैं। श्रीमती गुप्ता गुरुवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाली हैं। शपथ ग्रहण समारोह रामलीला मैदान में आयोजित किया जाएगा और समारोह का संचालन दिल्ली के मुख्य सचिव करेंगे। समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा तथा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के प्रमुख नेता शामिल होंगे।